लालू के 'वीरप्‍पन' पूर्व सांसद विजय सिंह यादव का पटना में निधन, भाजपा के कई नेताओं ने जताया शोक

Patna CoronaVirus News भाजपा नेता और पूर्व सांसद विजय सिंह यादव का निधन हो गया है। वे कभी लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी थे। पिछले वर्ष इनके छोटे भाई राज किशोर यादव की भी कोरोना से मौत हो गई थी।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 12:06 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 12:06 PM (IST)
लालू के 'वीरप्‍पन' पूर्व सांसद विजय सिंह यादव का पटना में निधन, भाजपा के कई नेताओं ने जताया शोक
राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ पूर्व सांसद विजय सिंह यादव। फाइल फोटो

पटना, जागरण टीम। पटना के एक निजी अस्‍पताल में भाजपा नेता और पूर्व सांसद विजय सिंह यादव का निधन हो गया है। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज पटना के ही एक निजी अस्‍पताल में हो रहा था। उनके बेटे ने बताया कि उन्‍हें किडनी से जुड़ी समस्‍या थी। डॉक्‍टरों ने उनके निधन की वजह कार्डियक अरेस्‍ट बताया है। यहां यह बताना जरूरी है कि वे कोरोना से संक्रमित नहीं थे। पिछले वर्ष इनके छोटे भाई नगर परिषद के पूर्व उपमुख्य पार्षद राज किशोर यादव की भी कोरोना से मौत हो गई थी। उनके निधन पर भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष संजय जायसवाल समेत कई नेताओं ने शोक जताया है।

दानापुर सीट पर पहली बार भाजपा को दिलाई थी जीत

विजय सिंह यादव दानापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पहले विधायक थे। 1996 के उपचुनाव में दानापुर विधान सभा से पहली बार भाजपा के टिकट पर जीते। इसी चुनाव में पहली बार भाजपा को दानापुर सीट से जीत नसीब हुई थी। बाद में वे लालू यादव की पार्टी राजद में चले गए और 2000 से 2006 तक राजद से ही राज्‍यसभा के सदस्‍य रहे।

गत चुनाव में भाजपा प्रत्‍याशियों के लिए मांगा वोट

बाद में वे अपनी पुरानी पार्टी में लौट आए और फिलहाल वे भाजपा में थे। गत विधानसभा चुनाव में भी उन्‍होंने भाजपा प्रत्‍याशियों के लिए वोट मांगा था। वे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के काफी करीबी हुआ करते थे। लालू यादव इनकी मूंछों की वजह से उन्‍हें 'वीरप्‍पन' कह कर भी पुकारा करते थे।

भाजपा के इन नेताओं ने जताया शोक

उनके निधन पर भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष संजय जायसवाल ने शोक जताते हुए कहा कि उनका देहावसान अत्यंत पीड़ादायक है। राजनैतिक व सामाजिक जीवन में उनके संघर्ष को भुलाया नहीं जा सकता है। पाटलिपुत्र से भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव ने शोक जताते हुए कहा कि उनके निधन से वे पूरी तरह मर्माहत हैं। रामकृपाल ने कहा कि उनके जाने से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षति हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को दुख सहन की शक्ति दें।

तेजस्‍वी यादव ने भी निधन पर जताया शोक

राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव ने भी उनके निधन पर शोक जताया है। उन्‍होंने कहा कि वे सामाजिक न्‍याय के पक्षधर और कुशल राजनेता थे। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और पटना साहिब के भाजपा विधायक नंद किशोर यादव ने भी उनके निधन पर शोक जताया है।

chat bot
आपका साथी