पटना में एक ही ट्रक पर ढोया जा रहा दो हजार बोरा धान! बीसीओ बोले- तकनीकी त्रुटि से हो गया ऐसा

समिति अध्यक्ष ने मोबाइल एप से 20.04.2021 को एक ट्रक के लिए 806 क्विंटल यानी 2015 बोरा फर्जी धान का चालान बनाकर भेज दिया गया। किसी भी स्थिति में एक गाड़ी पर 2015 बोरा धान लोड नहीं हो सकता है। उन्होंने इसे रिजेक्ट कर दिया।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 02:33 PM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 02:33 PM (IST)
पटना में एक ही ट्रक पर ढोया जा रहा दो हजार बोरा धान! बीसीओ बोले- तकनीकी त्रुटि से हो गया ऐसा
पटना में धान खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ी का मामला। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

नौबतपुर (पटना), संवाद सूत्र। नौबतपुर प्रखंड क्षेत्र के करंजा पैक्स अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पर मनमानी व अनियमितता का आरोप रागिब रियाज राइस मिल संचालक सह पूर्व प्रखंड प्रमुख मोहम्मद रेयाजुद्दीन ने लगाया है। उन्होंने फर्जी चालान काटकर एक ही ट्रक पर 2015 बोरा धान लोड करने का आरोप लगाया है। इसकी जांच के लिए जिले के विभिन्न विभागों में लिखित आवेदन दिया है। मिल संचालक ने बताया कि सरकार की तरफ से जो करार थी, उसे पूरा किया गया। अब पैक्स अध्यक्ष जितेंद्र कुमार की तरफ से लगातार दबाव बनाया जा रहा है कि सीएमआर नहीं गिराने पर मिल से टैगिंग हटाकर दूसरे मिल को जोडऩे की बात कही जा रही है।

रेयाजुद्दीन के अनुसार पहले लॉट का चावल 270 क्विंटल अग्रिम सीएमआर के रूप में जमा कर चुके हैं। 270 क्विंटल सीएमआर के बदले पैक्स अध्यक्ष की ओर से अब तक धान उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। आरोप लगाया कि समिति अध्यक्ष ने मोबाइल एप से 20.04.2021 को एक ट्रक के लिए 806 क्विंटल यानी 2015 बोरा फर्जी धान का चालान बनाकर भेज दिया गया।

किसी भी स्थिति में एक गाड़ी पर 2015 बोरा धान लोड नहीं हो सकता है। उन्होंने इसे रिजेक्ट कर दिया। पुन: 24.4.2021 को भी उसी गाड़ी पर फर्जी चालान काटकर 203 क्विंटल का धान भेजने की बात कही गयी। लेकिन राइस मिल पर एक भी गाड़ी नहीं पहुंची। 29.4.2021 को उसी गाड़ी संख्या पर 403 क्विंटल मोबाइल एप से फर्जी चालान काटा गया। समिति के पास गोदाम में करीब दो हजार क्विंटल के समतुल्य ही धान है। अभी 9269 क्विंटल धान की आपूर्ति बाकी है।

मिल संचालक ने निबंधक पदाधिकारी दानापुर एवं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है। बीसीओ रविकांत कुमार ने कहा कि मिल द्वारा 270 क्विंटल चावल अग्रिम दिया गया था। इसके एवज में पैक्स को धान देना है, लेकिन मिल को अबतक नहीं दिया गया है। जल्द ही उन्हें उपलब्ध करा दिया जाएगा। एक ही गाड़ी पर 2015 बोरा धान लोड करने के मामले में कहा कि यह तकनीकी त्रुटि है। यह पूरा मामला प्रखंड में चर्चा का विषय बना है।

chat bot
आपका साथी