ईएसआइसी अस्पताल में होंगी एम्स जैसी इलाज की सुविधाएं : अश्विनी चौबे

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने मंगलवार को बिहटा सिथत ईएसआइ अस्पताल का दौरा किया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 07 Jul 2021 01:51 AM (IST) Updated:Wed, 07 Jul 2021 01:51 AM (IST)
ईएसआइसी अस्पताल में होंगी एम्स जैसी
इलाज की सुविधाएं : अश्विनी चौबे
ईएसआइसी अस्पताल में होंगी एम्स जैसी इलाज की सुविधाएं : अश्विनी चौबे

पटना (बिहटा)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने मंगलवार को बिहटा स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल (ईएसआइसी) अस्पताल का निरीक्षण कर पौधारोपण किया। चिकित्सालय भवन के वार्डो में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कहा कि बहुत जल्द यहां एम्स की तर्ज पर वृहद पैमाने पर इलाज की व्यवस्था होगी एवं जल्द ही मेडिकल कालेज चालू हो जाएगा।

मंत्री ने विभिन्न वार्डो में जाकर भर्ती मरीजों से बातचीत की। उन्हें दी जा रहीं सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल अधीक्षक से ओपीडी के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में आने वाले रोगियों को हर संभव चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में सभी प्रकार की दवाइयां अस्पताल में उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि अस्पताल सह मेडिकल कालेज के डाक्टर व कर्मचारी पूर्ण मनोयोग से कार्य कर रहे हैं। यहां की व्यवस्था अच्छी व दुरुस्त है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में भी यहां मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी गई थीं।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद निष्क्रिय और गंदी राजनीति करनेवाले व्यक्ति : मंत्री

निरीक्षण के बाद पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद निष्क्रिय और गंदी राजनीति करनेवाले व्यक्ति हैं। लालू यादव जैसे निष्क्रिय लोगों से बिहार की राजनीति पर कोई फर्क नही पड़ने वाला है। लालू जी जेल क्यों गए, जनता जानती है। उनकी गंदी राजनीति के कारण बिहार 50 साल पीछे चला गया है। बिहार और सर्वनाश के कगार पर नहीं जा सकता है। यह विकास की ओर जा रहा है। ये डपोरशंखी लोग हैं, इनका शंख बजाने दीजिए। इनके शंख में कोई दम नहीं है। फिलहाल डबल इंजन की सरकार विकास कर रही है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार निरंतर विकास कर रही है। इस मौके पर अस्पताल के प्रांगण में पौधारोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया। इस मौके पर भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार, मंटू पाण्डेय, राजेश कुमार, डीन डा. सौम्या चक्रवर्ती, डा. कृष्ण कुमार, डा. विभा सिंह आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी