बिहारः बड़ी बहन ने पीट-पीटकर ले ली छोटी बहन की जान, घर से गायब रहने पर होता था विवाद

आपसी विवाद में बड़ी बहन द्वारा की गई पिटाई से छोटी बहन की मौत हो गई। पुलिस ने मां रीना देवी के फर्द बयान के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर हत्यारोपित बड़ी बहन 24 वर्षीय प्रीति कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना बेगूसराय की है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 07:53 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 07:53 PM (IST)
बिहारः बड़ी बहन ने पीट-पीटकर ले ली छोटी बहन की जान, घर से गायब रहने पर होता था विवाद
बेगूसराय में बहन की हत्या करने की आरोपित बहन।

जागरण संवाददाता, बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में बड़ी वारदात हुई। सिंघौल ओपी क्षेत्र के सिंघौल वार्ड संख्या एक में आपसी विवाद में बड़ी बहन द्वारा की गई पिटाई से छोटी बहन की मौत हो गई। मृतका की पहचान सिंघौल वार्ड एक निवासी स्व. लक्ष्मी महतो की 18 वर्षीय पुत्री शालिनी कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने मां रीना देवी के फर्द बयान के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर हत्यारोपित बड़ी बहन 24 वर्षीय प्रीति कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका के पिता की वर्षों पूर्व मौत हो चुकी है। इसके बाद मां रीना देवी पटना में रहकर झाड़ू पोछा का काम कर बच्चों की परवरिश कर रही है, वहीं बड़ी बहन भी टाउनशीप में झाड़ू पोछा का काम करती है। सिंघौल स्थित घर में दो बहनों के अलावा एक मानसिक रूप से विक्षिप्त बहन भी रहती है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पटना से लौटी मां रीना देवी के फर्द बयान पर सिंघौल पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। फर्द बयान में कहा गया है कि शालिनी मां की अनुपस्थिति में अक्सर घर से गायब रहती थी। कई बार तो दो-तीन दिनों के बाद घर लौटती थी, इससे परिवार की बदनामी हो रही थी, वहीं घर में भी बहन से अक्सर विवाद होता रहता था। बड़ी बहन की शादी कुछ वर्ष पूर्व नावकोठी में हुई, इसके बाद शालिनी अपनी मनमर्जी से घर से गायब रहने लगी।

पूछताछ करने पर बढ़ गया विवाद

इधर कुछ दिनों से बड़ी बहन मायके में ही थी। बुधवार की रात भी वह घर से भागने की फिराक में थी, लेकिन बहन के जगे होने के कारण उसे भागने का मौका नहीं मिला। बड़ी बहन ने पूछताछ की तो दोनों में विवाद बढ़ गया। इसके बाद प्रीति ने घर में रखे अमरूद के डंडे से उसकी पिटाई कर दी। जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे सिंघौल ओपीध्यक्ष दीपक कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं मां के बयान के आधार पर हत्यारोपित बहन को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सिंघौल ओपीध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया गया है। मां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार प्रीति कुमारी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

chat bot
आपका साथी