घरों में मनाई गई ईद, इंटरनेट मीडिया से दी मुबारकबाद

ईद की नमाज शुक्रवार को घरों पर ही अदा की गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बाहर निकले बिना नमाज अदा की।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 01:19 AM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 01:19 AM (IST)
घरों में मनाई गई ईद, इंटरनेट मीडिया से दी मुबारकबाद
घरों में मनाई गई ईद, इंटरनेट मीडिया से दी मुबारकबाद

पटना। ईद की नमाज शुक्रवार को घरों पर ही अदा की गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बाहर निकलने से परहेज किया। मस्जिद में भी मौलाना व कुछ धर्म गुरुओं ने ही नमाज अदा की। दूर रहने वाले सगे-संबंधियों को फोन अथवा इंटरनेट मीडिया के माध्यम से ईद की मुबारकबाद दी गई। अकीदतमंद सड़कों पर नहीं निकले। ईद पर कहीं से कोई अप्रिय समाचार की सूचना नहीं रही। शांति रहने से पुलिस अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली।

बढ़ते कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के मद्देनजर पुलिस ने ईद के दिन लोगों से बगैर उचित वजह के सड़कों पर न निकलने की अपील की गई थी। घरों पर ही ईद मनाने की सलाह दी गई थी। सड़कों पर निकलने और अनावश्यक भीड़ लगाने पर पुलिस ने कार्रवाई की हिदायत दी थी। लोग घरों से बाहर ना निकलें, इसके लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। गश्ती दल को भी सतर्क किया गया था। किसी भी तरह की गड़बड़ी से निबटने के लिए पुलिस अधिकारी सक्रिय थे। आम लोगों के लिए बंद है मस्जिद

कोरोना संक्रमण के कारण मस्जिद को आम लोगों के लिए बंद रखा गया है। धर्म गुरुओं ने अंदर नमाज अदा की। हालांकि पुलिस अधिकारियों को आशंका थी कि प्रतिबंध के बावजूद कुछ लोग नमाज अदा करने मस्जिद के समीप पहुंच सकते हैं। इसको लेकर सुबह से ही राजधानी की सड़कों पर पुलिस मुस्तैद थी। जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। अधिकारियों की अपील और पुलिस की सख्ती का नतीजा रहा कि लोग घरों से नहीं निकले। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि ईद पर लोगों ने नियमों का पालन किया।

chat bot
आपका साथी