किसानों के आंदोलन के समर्थन में पूर्व-मध्य रेल कर्मचारी यूनियन

किसानों के आंदोलन के समर्थन में सोमवार को संपूर्ण बिहार में चक्का जाम रखने की घोषणा की गई है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 01:49 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 01:49 AM (IST)
किसानों के आंदोलन के समर्थन में पूर्व-मध्य रेल कर्मचारी यूनियन
किसानों के आंदोलन के समर्थन में पूर्व-मध्य रेल कर्मचारी यूनियन

पटना। किसानों के आंदोलन के समर्थन में सोमवार को संपूर्ण बिहार में चक्का जाम रखने की घोषणा की गई है। बंद के समर्थन में रविवार की देर शाम आटो चालकों ने स्टेशन गोलंबर से लेकर डाकबंगला चौराहा तक मशाल जुलूस निकाला। पूर्व-मध्य रेल कर्मचारी यूनियन की ओर से भी संपूर्ण भारत बंद का समर्थन किया गया है। वहीं दूसरी ओर, बंद को सफल बनाने के लिए आटो चालकों के संगठनों के प्रतिनिधियों के नेतृत्व में टीम गठित कर रविवार को पूरे दिन शहर के कोने-कोने में आटो चालकों से सोमवार को आटो परिचालन बंद रखने का अनुरोध किया। नगर सेवा की बसों के साथ ही अन्य संगठनों की ओर से भी बंद का समर्थन किया गया है।

इस संबंध में आल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन के महासचिव राजकुमार झा एवं आटो चालक संघ के उपाध्यक्ष नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि किसानों के आंदोलन के समर्थन में परिवहन से जुड़े सभी संगठनों द्वारा रविवार को पूरे दिन अभियान चलाया गया। गांधी मैदान के काली मंदिर से लेकर पटना सिटी, पटना जंक्शन से खगौल, स्टेशन से सगुना मोड़, गांधी मैदान से दानापुर तक आटो चालकों की टीम की ओर से नुक्कड़ नाटक कर सोमवार को संपूर्ण बिहार बंद रखने का अनुरोध किया गया।

इधर, ईस्ट सेंट्रल कर्मचारी यूनियन के महासचिव एसएनपी श्रीवास्तव ने रेल कर्मियों से किसान आंदोलन के समर्थन में आहूत बंद का समर्थन करने का अनुरोध किया है। उन्होंने सभी मंडलों में अपने यूनियन के प्रतिनिधियों को पत्र भेजकर किसानों के इस आंदोलन को सफल बनाने का अनुरोध किया है। दोपहर के भोजनावकाश के दौरान आधे घंटे तक सभी स्टेशनों पर प्रदर्शन करने का निर्देश दिया है।

chat bot
आपका साथी