दुष्कर्म के आरोपित डीएसपी कमलाकांत प्रसाद सस्‍पेंड, गिरफ्तार करने के लिए बनी विशेष टीम

बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस पटना मुख्यालय में कार्यरत सीनियर डीएसपी कमलाकांत प्रसाद को गृह विभाग ने निलंबित कर दिया है। गया में नाबालिग लड़की से दुष्‍कर्म के आरोप में डीएसपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 06:58 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 06:58 AM (IST)
दुष्कर्म के आरोपित डीएसपी कमलाकांत प्रसाद सस्‍पेंड, गिरफ्तार करने के लिए बनी विशेष टीम
दुष्‍कर्म के आरोपित डीएसपी की होगी गिरफ्तारी। संकेतात्‍मक तस्‍वीर

पटना, राज्य ब्यूरो। गया की नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के आरोपित सीनियर डीएसपी कमलाकांत प्रसाद को गृह विभाग ने निलंबित कर दिया है। वे  बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, पटना मुख्यालय में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर नियुक्त थे। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय पटना होगा। उन्हें सक्षम पदाधिकारी के आदेश के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ने का आदेश दिया गया है। सीआइडी (कमजोर वर्ग) के एडीजी अनिल किशोर यादव ने दो दिन पूर्व ही आरोपित डीएसपी को गिरफ्तार करने का आदेश जारी किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पटना और गया के सीनियर एसपी को विशेष टीम बनाने का निर्देश दिया गया है। 

किसी भी समय हो सकती है गिरफ्तारी

इधर, पुलिस ने डीएसपी कमलाकांत प्रसाद को गिरफ्तार करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। पुलिस ने पटना और गया के अलावा बक्सर स्थित उनके पैतृक निवास का भी सत्यापन किया। पुलिस के वरीय अधिकारियों के अनुसार, किसी भी समय डीएसपी कमलाकांत प्रसाद को गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस मुख्यालय ने आरोपित डीएसपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए इसकी सूचना सीआइडी के साथ डीजीपी कंट्रोल रूम को भी देने को कहा है। 

पाक्सो और एसी-एसटी धारा में दर्ज है मामला

कमलाकांत प्रसाद पर गया के सरकारी आवास में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप है। यह मामला सन् 2017 का है। तब वह गया में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर थे। पीड़‍ित पक्ष का आरोप है कि दुर्गा पूजा के समय डीएसपी अपने पटना स्थित आवास पर घरेलू कामकाज के लिए 14 वर्षीया किशोरी को अपने साथ ले जाने वाले थे। ऐसे में रात में किशोरी गया के सरकारी आवास में ही रुकी थी। आरोप है कि कमलाकांत प्रसाद ने रात में किशोरी से दुष्कर्म किया और डरा-धमकाकर चुप करा दिया। कुछ दिनों पहले पीड़‍िता ने यह मामला घरवालों को बताया। उसके बाद भाई ने 27 मई को गया के महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस मामले में पाक्सो व एससी-एसटी समेत कई संगीन धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। डीजीपी ने 11 जून को इस मामले की जांच की जिम्मेदारी सीआइडी (कमजोर वर्ग) को सौंपी है।

दुष्कर्म के आरोपित डीएसपी की गिरफ्तारी के लिए गया पुलिस ने मांगा वारंट

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित डीएसपी कमलाकांत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बुधवार को कोर्ट से वारंट मांगा है। बता दें कि पुलिस मुख्यालय डीएसपी की गिरफ्तारी का आदेश दे चुका है। इसके बाद स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है। चूंकि मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए वारंट मिलने के बाद गया पुलिस डीएसपी के पटना स्थित आवास पर गिरफ्तारी के लिए जाएगी। महिला थानाध्यक्ष रवि रंजना ने बताया कि आरोपित डीएसपी की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से वारंट का आग्रह किया गया है, अभी वारंट नहीं मिला है।

chat bot
आपका साथी