डीएम के भाई पर गोलीबारी का आरोप लगा भीड़ ने जमकर पीटा, हालत गंभीर, नालंदा जिले की घटना

नालंदा में रोहतास के डीएम के चचेरे भाई पर गोलीबारी का आरोप लगा दूसरे पक्ष के लोगों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि एक किशोरी को गोली लगने के बाद यह घटना हुुई।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 12:03 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 12:03 PM (IST)
डीएम के भाई पर गोलीबारी का आरोप लगा भीड़ ने जमकर पीटा, हालत गंभीर, नालंदा जिले की घटना
मारपीट में घायल डीएम के चचेरे भाई संग्राम सिंह। जागरण

करायपरसुराय (नालंदा), संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र के चौकी हुडाडी गांव के नजदीक शुक्रवार की शाम दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट व गोलीबारी हो गई। गोलीबारी में एक किशोरी घायल हो गई। ग्रामीणों ने गोलीबारी के आरोपित को मारपीट कर घायल कर दिया। बताया जाता है कि गोलीबारी के आरोपित सासाराम के डीएम के चचेरे भाई हैं। हालांकि बताया जाता है कि डीएम के भाई ने आत्‍मरक्षार्थ गोली चलाई थी। 

गांव के अंशु यादव से चल रहा था विवाद 

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के चौरासी गांव निवासी सासाराम के डीएम धर्मेन्द्र सिंह के चचेरे भाई ठाकुर संग्राम सिंह व अंशु यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते-देखते दोनों पक्ष के लोग जुट गए और मारपीट होने लगी। इसी बीच दोनों तरफ से गोलीबारी भी हो गई। इसमें एक पक्ष की एक किशोरी को गोली जा लगी। गोली लगने के बाद ग्रामीणों ने ठाकुर संग्राम सिंह उर्फ बंटी को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी, जिससे वे बुरी तरह से घायल हो गए। घटना की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। जिसके बाद ठाकुर संग्राम सिंह व किशोरी को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पटना के एक निजी अस्पताल में संग्राम सिंह का इलाज चल रहा है।

डीएम के भाई ने आत्‍मरक्षा में चलाई गोली 

हालांकि एक पक्ष का कहना है कि ठाकुर संग्राम सिंह ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। आरोपित अंशु यादव अपने साथियों के साथ लूटपाट की कोशिश कर रहा था। अंशु यादव के हाथ में हथियार था, जिस वजह से ठाकुर संग्राम सिंह ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। किशोरी किसकी गोली से घायल हुई, यह किसी को नहीं पता। इधर, डीएसपी कृष्ण मुरारी ने बताया कि ठाकुर संग्राम सिंह को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। फिलहाल पुलिस हिरासत में उनका इलाज चल रहा है। मौके से एक बाइक व एक कार बरामद की गई है। पुलिस जांच में जुटी है। अंशु यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि दोनों के बीच गाड़ी के विवाद में गोलीबारी हुई है। दोनों एक-दूसरे से पूर्व परिचित हैं।

chat bot
आपका साथी