डीआइजी मनु महाराज विधि-व्‍यवस्‍था का हाल जानने पहुंचे सिवान और अपराधियों ने युवक को मार दी गोली

सिवान के जीरादेई में क्रिकेट खेल रहे युवक को बुलाकर सिर में मारी गोली क्रिकेट खेलने के क्रम में मोबाइल पर फोन कर बुलाया क्रिकेट मैदान से 200 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने सिर में मार दी गोली

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 02:59 PM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 02:59 PM (IST)
डीआइजी मनु महाराज विधि-व्‍यवस्‍था का हाल जानने पहुंचे सिवान और अपराधियों ने युवक को मार दी गोली
सिवान जिले में युवक को गोली मारी। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

सिवान, जागरण संवाददाता। सिवान के जीरादेई थाना क्षेत्र के भैंसाखाल से एक बड़ी खबर आ रही है, जहां क्रिकेट खेल रहे एक युवक को अपराधियों ने सिर में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। घटना के बाद क्रिकेट मैदान में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घायल को लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देख उन्हें पटना रेफर कर दिया।

घायल की पहचान जीरादेई निवासी दिनेश सिंह के रूप में हुई है। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह दिनेश भैंसाखाल नहर के पास क्रिकेट खेल रहा था। इसी बीच उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने उसे मैदान से कुछ ही दूरी पर मिलने के लिए बुलाया। क्रिकेट मैदान से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर जैसे ही दिनेश पहुंचा, घात लगाए अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी और भाग निकले।

फायरिंग की आवाज सुनकर मैदान से काफी संख्या में लोग जब मौके पर पहुंचे तो दिनेश को खून से लथपथ देख उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक देख उसे पटना रेफर कर दिया। खबर प्रेषण तक दिनेश को रेफर करने की प्रक्रिया जारी थी। दिनेश के साथ आए लोगों ने बताया कि लॉकडाउन के पूर्व दिनेश विदेश में रहकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। लॉकडाउन के क्रम में वह वापस आया गया और इसके बाद यही रहकर काम कर रहा था। कुछ दिन पूर्व ही उसने अपनी बहन की शादी भी की थी।

जिले में मौजूद हैं डीआइजी , अपराधियों को भय नहीं

सारण के डीआइजी मनु महाराज शुक्रवार को सिवान पहुंचे थे। यहां उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों संग बैठक की थी। इसके बाद वे रात्रि विश्राम के लिए सिवान में ही ठहरे थे। शनिवार की सुबह भी उन्होंने एसपी अभिनव कुमार संग पुलिस लाइन का निरीक्षण करने के पूर्व शहर के विभिन्न थानों का निरीक्षण किया, लेकिन इसका भय अपराधियों को नहीं है। अपराधियों ने डीआइजी की जिला में मौजूदगी के बीच इस घटना को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन की लचर व्यवस्था की पोल खोल दी। बता दें कि मनु महाराज एक तेज तर्रार आइपीएस अधिकारी हैं और क्राइम कंट्रोल करने के लिए इन्हें जाना जाता है।

chat bot
आपका साथी