धनतेरस पर नई डिजाइनों के साथ बढ़ेगी तांबे की चमक

धनतेरस को लेकर बर्तन बाजार में हलचल तेज है। बाजार में रौनक बढ़ गई है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Oct 2019 08:15 PM (IST) Updated:Sat, 19 Oct 2019 08:15 PM (IST)
धनतेरस पर नई डिजाइनों के साथ बढ़ेगी तांबे की चमक
धनतेरस पर नई डिजाइनों के साथ बढ़ेगी तांबे की चमक

पटना। धनतेरस को लेकर बर्तन बाजार में हलचल तेज है। बाजार में रौनक बढ़ गई है। स्टील और पीतल के बर्तनों के साथ ही इस बार नई डिजाइन के तांबे के बर्तन की चमक भी बढ़ गई है। इस बार तांबे के बर्तन में सबसे खास डिनर सेट होगा। यह तांबे के साथ स्टील मिक्स है और इसकी चमक हर किसी को आकर्षित कर रही है।

मुंबई से पहली बार मंगाया डिनर सेट

बोरिग रोड पर स्थित बर्तन दुकानदार विकास कुमार की मानें तो पिछले साल की अपेक्षा इस बार तांबे के बर्तन नए लुक में पेश किए जा रहे हैं। इसमें सबसे खास डिनर सेट है, जो तांबा का बना है। इसे और स्टाइलिश बनाने के लिए स्टील का इस्तेमाल किया गया है। डिनर सेट की कीमत 25 हजार रुपए है। विकास ने बताया कि मुंबई में इसकी डिजाइन की गई है, जिसे धनतेरस में उतारना था।

सस्ता गिलास से लेकर पूजा सामग्री के बर्तन हैं खास

व से तो तांबा के बर्तन के दामों में कुछ फीसद उछाल है। लेकिन, इसकी सबसे ज्यादा बिक्री गिलास से लेकर पूजा सामग्री में इस्तेमाल होने वाले बर्तन की होती है। इस बार पूजा सामग्री में इस्तेमाल होने वाला बर्तन 25 रुपए से लेकर 200 रुपए में उपलब्ध है। पिछले साल इसकी कीमत 22 रुपए से लेकर 160 रुपए तक थी। गिलास भी 125 रुपए से लेकर 850 रुपए के बीच उपलब्ध है।

मटका पेटिंग से लेकर स्टाइलिस जग सेट तक है उपलब्ध

विकास की मानें तो उनके पास तांबा के उन सभी सामान की उपलब्धता है, जिसकी बिक्री यहां होती है। मुरादाबाद से तांबा के बर्तन मंगाए गए हैं। कंपनी ने भी इस बार दाम के साथ लोगों को आकर्षित करने करने के लिए डिजाइन में बदलाव किया है। सादा मटका की जगह इस बार पेटिंग युक्त मटका मंगाया गया है, जिसकी कीमत 1500 सौ से पांच हजार रुपए के बीच है। तांबे का जग भी छह सौ रुपए से लेकर 18 सौ रुपए के बीच उपलब्ध है। वहीं स्टायलिश जग सेट 400 रुपए से लेकर 1600 रुपए के बीच बाजार में उतारा गया है। इसमें ताबा और पीतल मिक्स किया गया है।

चार हजार रुपये में बिक रहा वाटर फिल्टर

तांबे को औषधीय धातु माना जाता है। ऐसे में अधिकांश लोग तांबे के बर्तन में ही पानी पीना पसंद करते हैं। इसको देखते हुए इस बार बाजार में तांबे के गिलास और जग के साथ वाटर फिल्टर भी उतार दिया गया है। इसकी कीमत 4 हजार रुपए है। दुकानदार की मानें तो तांबे की पहचान आसानी से की जा सकती है। तांबे के बर्तन में पानी का स्वाद बदल जाता है। तांबे का बर्तन लाल और मुलायम होता है।

chat bot
आपका साथी