Dev Deepawali 2020: देव दीपावली पर दिखा अद्भुत नजारा, 5100 दीपों से रोशन हुआ कंगन घाट

कंगन घाट की सीढ़ियां रविवार को 5100 दीपों की रौशनी से जगमगा उठीं। गंगा पूजन के बाद निर्मल गंगा की लहरों के बीच इठलाते-बहते दीप अलौकिक छटा बिखेर रहे थे। देव दीपावाली पर राजधानी में कई स्थानों पर दीप जले।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 07:45 PM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2020 07:45 PM (IST)
Dev Deepawali 2020: देव दीपावली पर दिखा अद्भुत नजारा, 5100 दीपों से रोशन हुआ कंगन घाट
देव दीपावाली पर पटना के कंगन घाट पर सजायी गई दीप माला।

पटना, जेएनएन। भगवान विष्णु को समर्पित मास कार्तिक पूर्णिमा व सिख पंथ के प्रथम गुरु नानक देव की जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार की शाम कंगन घाट की सीढ़ियां 5100 दीपों की रौशनी से जगमगा उठीं। गंगा पूजन के बाद निर्मल गंगा की लहरों के बीच इठलाते-बहते दीप अलौकिक छटा बिखेर रहे थे। गंगा सेवादल समन्वय समिति की ओर से रविवार की शाम कंगन घाट पर आयोजित इस अद्भुत नजारे को आंखों में समा लेने के लिए सैकड़ों लोग घाट पर जमा हुए। मनोज भट्ट द्वारा गंगा की महाआरती की गई। ऐसा माना जाता है कि देव दीपावली पर देवलोक धरती पर उतर आता है और समस्त देवता एक साथ मिलकर देवाधिदेव भगवान शिव की महाआरती करते हैं। देव दीपावली पर कंगन घाट में देवताओं की विशेष पूजा हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पटना सिटी स्थित कंगन घाट पर पहुंचे। 

सुबह से ही कंगन घाट को सजाने-संवारने में जुटे श्रद्धालु

रविवार की सुबह गंगा स्नान के बाद पटना सिटी स्थित कंगन घाट को सजाने-संवारने में सामाजिक कार्यकर्ता जुट गए। गंगा जल से घाट की सीढ़ियों को धोया गया। अप्रतिम, अद्भुत व अविस्मरणीय देव दीपावली का गवाह बनने के लिए स्थानीय लोग शाम में कंगन घाट पहुंचे। देव दीपावली पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पटना साहिब से विधानसभा चुनाव में रहे कांग्रेस के प्रत्याशी प्रवीण कुशवाहा, सीए पंडित संजय झा, राजेश शुक्ला उर्फ टिल्लू, सुजीत कसेरा व विजय गुप्ता ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजीव गंगौल ने करते बताया कि 16 वर्षों से देवदीपावली का कार्यक्रम कंगन घाट पर हो रहा है। समाजसेवी नरेश गुप्ता, अजित कुमार, इबरार अहमद रजा, भोला गुप्ता व राजकुमार सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत किया। कोरोना महामारी को देख घाट पर शारीरिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने का अनुरोध किया जाता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर जुटे। 

chat bot
आपका साथी