बिहार सर्वाधिक टीकाकरण वाले पांच राज्यों में, कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा आठ करोड़ के पार

Corona vaccination Bihar देश के सर्वाधिक टीका लगाने वाले पांच राज्यों में बिहार भी शामिल हो गया है। बिहार में 16 जनवरी से 28 नवंबर के बीच 80158962 लोगों को कोविड वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 05:26 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 05:26 PM (IST)
बिहार सर्वाधिक टीकाकरण वाले पांच राज्यों में, कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा आठ करोड़ के पार
बिहार में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा आठ करोड़ के पार हो गया है। सांकेतिक तस्वीर।

राज्य ब्यूरो, पटना : राज्य में कोरोना टीकाकरण का आंकड़ा आठ करोड़ के पार हो गया है। सात नवंबर को राज्य ने सात करोड़ का आंकड़ा पार किया था। फिर करीब एक माह के भीतर ही बिहार ने एक करोड़ लोगों का टीकाकरण कर आठ करोड़ के आकंड़े को पार कर लिया। इसके साथ ही राज्य ने एक और उपलब्धि हासिल की। देश के सर्वाधिक टीका लगाने वाले पांच राज्यों में बिहार भी शामिल हो गया है। बिहार में 16 जनवरी से 28 नवंबर के बीच 8,01,58,962 लोगों को कोविड वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 5,41,04,386 लोगों ने वैक्सीन की एक डोज जबकि 2,60,54,576 लोगों ने दोनों डोज ले ली है। बिहार के पहले उत्तर प्रदेश ने इस अवधि में 15,92,33,867 का टीकाकरण किया है। जबकि महाराष्ट्र 11,19,26,789, प. बंगाल 9,14,90,784 और मध्यप्रदेश अपने प्रदेश में 8,55,11,030 लोगों का टीकाकरण कर चुका है। बिहार पांचवा राज्य है जिसने अब आठ करोड़ का आंकड़ा पार किया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि राज्य में कोरोना टीका का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि कोई भी लाभार्थी किसी भी सूरत में टीका से वंचित नहीं रहे। मंत्री ने कहा कि विभाग मुख्यालय स्तर पर मॉनिटरिंग कर रहा है। जिन लाभार्थियों के पास आधार कार्ड नहीं है, वैसे लाभार्थी किसी भी पहचान पत्र का उपयोग कर टीका लगवा सकते हैं। 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग कोरोना की जांच और टीकाकरण में निरंतर तेजी लाने का प्रयास कर रहा है। घर-घर दस्तक अभियान के तहत लगातार प्रथम और दूसरी डोज के कोरोना टीकाकरण बढ़ाने को लेकर विभाग द्वारा विभिन्न प्रयास किये जा रहे हैं। इसके तहत दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं गर्भवती महिलाओं को उनके घर पर पहुंचकर स्वास्थ्यकर्मी टीका लगा रहे हैं। इसके अलावे कई विशेष अवसर पर भी विभाग द्वारा मेगा अभियान चला लाभार्थियों को टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने  आठ करोड़ का आंकड़ा पार होने पर सभी स्वास्थ्य कर्मियो, डाक्टरों के साथ टीकाकरण कर्मियों के साथ राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है।

chat bot
आपका साथी