बिहार के कांग्रेसियों ने कहा- राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाकर ही लेंगे दम, खास तरीके से मनाया जन्‍मदिन

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 51वें जन्मदिन पर बिहार कांग्रेस ने शनिवार को कोविड रिलीफ किट बांटकर सेवा दिवस मनाया। इस मौके पर कांग्रेसियों ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे बेहतर उम्‍मीदवार हैं और वे उन्‍हें इस पद तक पहुंचा कर ही दम लेंगे।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 07:33 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 07:33 PM (IST)
बिहार के कांग्रेसियों ने कहा- राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाकर ही लेंगे दम, खास तरीके से मनाया जन्‍मदिन
राहुल गांधी के जन्‍मदिन के मौके पर जरूरतमंदों को मदद बांटते कांग्रेसी। जागरण

पटना, राज्य ब्यूरो। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 51वें जन्मदिन पर बिहार कांग्रेस ने शनिवार को कोविड रिलीफ किट बांटकर सेवा दिवस मनाया। इस मौके पर कांग्रेसियों ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे बेहतर उम्‍मीदवार हैं और वे उन्‍हें इस पद तक पहुंचा कर ही दम लेंगे। पार्टी प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा कि राहुल गांधी के जन्मदिन को बिहार कांग्रेस ने सेवा दिवस के रूप में मनाया है। इस मौके पर कोविड रिलीफ किट बांटा गया। उन्होंने कहा कि गरीबों और मजदूरों के साथ आम भारतीय के हक की आवाज उठाने वाले नेता के रूप में राहुल गांधी का जीवन समर्पित है।

राज्‍य प्रभारी ने कहा कि राहुल गांधी के आदर्शों को लेकर आज कांग्रेस ने कोरोना से उपजी त्रासदी में जरूरतमंदों के बीच किट का वितरण किया गया। राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता ने कोरोना काल में सेवा कार्य किया है। कांग्रेस पार्टी जनसेवा को समॢपत है और यही हमारे नेता राहुल गांधी का मूलमंत्र है।

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा ने कहा कि राहुल गांधी दूरदर्शी नेता हैं और उनके जन्मदिन पर बिहार कांग्रेस ने शुभकामना प्रेषित करने के लिए कोविड रिलीफ किट बांटने का काम किया। बिहार के प्रभारी सचिव वीरेंद्र सिंह राठौड़ ने राहुल गांधी को दूरदर्शी सोच का नेता बताया। कहा कि राहुल गांधी जो आज सोचते हैं वो देश की वर्तमान सरकार महीनों बाद सोचती है।

बिहार कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजीत कुमार शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी के जन्मदिवस पर प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता प्रण लें कि हम उनको प्रधानमंत्री बनाकर दम लेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, डा समीर कुमार सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्र, विधायक विजय शंकर दूबे, प्रदेश मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमिता भूषण, प्रवक्ता असित नाथ तिवारी, आनंद माधव, जया मिश्र, ब्रजेश प्रसाद मुनन, गजानंद शाही, नागेंद्र प्रसाद विकल और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार आशीष  सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी