बिहार में महागठबंधन से अलग होते ही कांग्रेस को मिला बड़ा साथ, उप चुनाव में प्रचार करेंगे पप्पू यादव

Bihar Assembly By-Election 2021 बिहार में महागठबंधन टूट गया है। कांग्रेस और राजद एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इस बीच कांग्रेस को पूर्व सांसद पप्पू यादव की पार्टी का समर्थन मिला है। पप्पू कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के लिए प्रचार करेंगे।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 03:50 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 05:23 PM (IST)
बिहार में महागठबंधन से अलग होते ही कांग्रेस को मिला बड़ा साथ, उप चुनाव में प्रचार करेंगे पप्पू यादव
बिहार विधानसभा उपचुनाव 2021: बिहार में कांग्रेस का पप्पू यादव समर्थन करेंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना: जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने उपचुनाव में कांग्रेस का समर्थन का ऐलान कर दिया है। आज पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में पप्पू यादव ने कहा कि उपचुनाव में कांग्रेस महागठबंधन से अलग होकर पूरी ताकत के साथ लड़ रही है। पप्पू ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने हमारी पार्टी से समर्थन मांगा है। इस को लेकर शुक्रवार को जन अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय कमेटी की बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से तारापुर और कुशेश्वरस्थान विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन देने का फैसला लिया गया। पप्पू ने बताया कि शुक्रवार को उनकी कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास से मुलाकात हुई है। सभी नेता आज से ही तारापुर और कुशेश्वरस्थान में चुनाव प्रचार में लग जाएंगे। पप्पू यादव खुद 26, 27, 28 अक्टूबर को दोनों विधानसभा में प्रचार करेंगे।

पप्पू ने कहा कि कांग्रेस बिहार को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। किसानों और मजदूरों की लड़ाई लड़ रही है। इस कारण बिहार को बचाने के लिए जाप आगामी उपचुनाव में पार्टी का समर्थन करेगी। यादव ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए उसे नकारा बताया। बोले, कभी सड़कों पर नहीं उतरता है। विपक्ष के नेता का भाजपा से आंतरिक गठबंधन है। आज बिहार की स्थिति बहुत ही खराब है। बिहारियों का हर जगह अपमान हो रहा है। काश्मीर में बिहारियों की हत्या हो रही है। आज भी हजारों बिहारी कश्मीर में फंसे हुए हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष को इन बिहारियों से कोई मतलब नहीं है। जन अधिकार पार्टी बिहारी मजदूरों को कश्मीर से सुरक्षित वापसी के लिए बिहार सरकार से आग्रह करती है। अगर सरकार बिहारी मजदूरों को वापस लाने में असमर्थ है तो जाप पार्टी अपनी मदद से बिहारियों को वापस लाएगी।

उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रपति के लिए 100 करोड़ से ज्यादा रुपये खर्च किए जा सकते हैं तो बिहारियों को वापस लाने के लिए प्लेन की सुविधा क्यों नहीं दी जा सकती है। जन अधिकार पार्टी 50 लाख रुपये खर्च कर बिहारी मजदूरों को कश्मीर से सुरक्षित वापस लाएगी। पप्पू यादव ने बताया कि मिथिला में बाढ़ के हालात है। हमारा मुख्यमंत्री से आग्रह है कि वे अविलम्ब कोसी और सीमांचल क्षेत्र को बाढ़ ग्रस्त इलाके घोषित कर किसानों के सभी तरह के कर्ज को माफ करे। आज देश के जो हालात हैं, किसानों का आंदोलन को कुचला जा रहा है। अडानी और अम्बानी के लिए सभी सरकारी उपक्रमों को बेचा जा रहा है। 110 रुपया पेट्रोल, और 1000 प्रति सिलिंडर गैस खरीद रहे है। जनता महंगाई से कराह रही है। कांग्रेस इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ सड़कों पर लड़ाई लड़ रही है। जन अधिकार पार्टी आने वाले समय में कांग्रेस के साथ मजबूती से केंद्र में बैठी तानाशाही सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। बिहार से पलायन को रोकना और गरीबी हटाना हमारी पार्टी की प्रमुख प्रमुखता है। प्रेस कांफ्रेंस में अखलाक अहमद, रघुपति सिंह, प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र कुशवाहा, प्रेमचन्द सिंह, राजेश रंजन पप्पू, पूर्व विधायक रामचन्द्र सिंह यादव, प्रवक्ता बबन यादव,राजेश कुशवाहा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी