बिहार में बर्फीली हवा चलने से ठंड बरकरार, राजधानीवासियों को धूप ने दी थोड़ी राहत
बिहार में हवा की गति में तेजी आने से कोहरे में कमी आई है। आकाश से बादल भी छंटे हैं जिससे दोपहर बाद धूप निकलने की उम्मीद है। गुरुवार की सुबह भीषण ठंड से राजधानी के अधिकांश पार्क मैदान खाली रहे।
जागरण संवाददाता, पटना: पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवा के कारण राज्य के वातावरण में अभी भी ठंड कायम है। हालांकि हवा की गति में तेजी आने से कोहरे में कमी आई है। आकाश से बादल भी छंटे हैं, जिससे दोपहर बाद धूप निकलने की उम्मीद है। गुरुवार की सुबह भीषण ठंड से राजधानी के अधिकांश पार्क मैदान खाली रहे। सड़कों पर भी अति आवश्यक कार्य से ही लोग बाहर निकले। हालांकि दोपहर में हल्की धूप निकलने पर लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। उसके बाद पार्कों में भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संजय कुमार का कहना है कि पश्चिम से आने वाली हवा के कारण प्रदेश का आकाश कुछ साफ हुआ है, लेकिन ठंड का तीखापन अभी जारी है। खासकर सुबह और शाम को ठंड बढ़ जाएगी, दोपहर में हल्की धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि वर्तमान में हिमालय पर हो रही जमकर बर्फबारी और बारिश का सीधा असर देश के मैदानी भागों में देखा जा रहा है। बिहार समेत उत्तरी भारत के अधिकांश राज्य ठंड की चपेट में है। खासकर पर्वतीय इलाके के राज्यों में भीषण ठंड पड़ रही है। वहां से आने वाली हवा ही मैदानी भाग में ठिठुरन पैदा कर रही है। इस तरह की स्थिति अभी कायम रहेगी।
सुबह शाम विशेष सावधानी की जरूरत
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि फिलहाल सुबह शाम विशेष सावधान रहने की जरूरत है। दिन में हल्की धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन सूर्यास्त के बाद तापमान में गिरावट आएगी। जिसके प्रति लापरवाही व्यक्ति को बीमार बना सकती है। पीएमसीएच के हार्ट रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अशोक कुमार का कहना है कि फिलहाल मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव का सीधा असर मानव जीवन पर पड़ रहा है। खासकर बुजुर्ग इसकी चपेट में जल्द ही आ रहे हैं। वृद्धों को फिलहाल नियमित शुगर एवं बीपी की दवा लेने की जरूरत है। दवा में लापरवाही उनके लिए घातक साबित हो सकती है। इसके अलावा बुजुर्ग स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधान रहें। घर के अंदर ही योगाभ्यास का सहारा ले सकते हैं। बुजुर्गों को खानपान पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। खासकर सुबह शाम तो अत्यंत आवश्यक है। फिलहाल बाहर ना निकलें।