मित्र के श्राद्धकर्म में शामिल होने बख्तियारपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार की शाम बख्तियारपुर बाजार निवासी अपने मित्र शैलेंद्र के घर पहुंचे।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 01:48 AM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 01:48 AM (IST)
मित्र के श्राद्धकर्म में शामिल होने बख्तियारपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
मित्र के श्राद्धकर्म में शामिल होने बख्तियारपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

बख्तियारपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार की शाम बख्तियारपुर बाजार निवासी अपने मित्र शैलेंद्र कुमार मुन्ना के श्राद्धकर्म में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शैलेंद्र कुमार मुन्ना की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावुक हो गए। मुख्यमंत्री करीब बीस मिनट तक यहां रुके और स्वजनों को सांत्वना दी।

इससे पहले मुख्यमंत्री श्री गणेश उच्च विद्यालय पहुंचे और वहां विद्यालय परिसर में बनाए गए स्वतंत्रता सेनानी डूमर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों को विद्यालय का नया भव्य भवन मजबूती से बनवाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री न्यू बाईपास राघोपुर में बनाये गए शहीद नाथुन सिंह यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं अधिकारियों को सोलर लाइट लगवाने एवं पार्क के रुप में विकसित करने का निर्देश दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री डाकबंगला परिसर में बनाये गए अपने पिता स्वतंत्रता सेनानी कविराज रामलखन सिंह वैध की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही अधिकारियों को चहारदीवारी के किनारे पेड़ लगवाने का निर्देश दिया। इसके बाद पीएचसी में बनाए गए पूर्व सांसद सह अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित शीलभद्र याजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही अधिकारियों को पुराने बाह्य रोगी कक्ष को तोड़कर पशु अस्पताल से मिलाने का निर्देश दिया। इसके बाद अपने मित्र के श्राद्धकर्म में पहुंचे। उसके बाद प्रखंड परिसर में बनाए गए शहीद मोगल सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही बगल में स्थित गड्ढे को जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत विकसित करने, प्रखंड सह अंचल कार्यालय के पुराने भवन को तोड़कर नया भवन बनवाने, पशुपालन विभाग की जमीन पर पशु अस्पताल का निर्माण करवाने का निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिया।

मुख्यमंत्री के साथ भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, उदयकांत मिश्रा, सत्यानंद याजी मौजूद थे। मौके पर शैलेन्द्र कुमार मुन्ना के स्वजन नरेन्द्र कुमार, डॉ. भूपेंद्र कुमार, डॉ. अरुण कुमार, अरविंद कुमार एवं ज्ञानेंद्र कुमार विजय मौजूद थे। इसके अलावा प्रखंड जदयू अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, नवीन सिंह, मनोहर यादव, अरुण कुमार, अशोक सिंह,भारती सत्येंद्रदेव, राजकुमार राजू आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी