अटल पथ पर सिटी बस चलाने का फैसला जल्द
अटल पथ पर सिटी बसें चलाने का फैसला जल्द हो जाएगा।
पटना । अटल पथ पर सिटी बसें चलाने का फैसला जल्द हो जाएगा। मुख्य सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में एक सप्ताह में होने वाली बैठक में इस बाबत नीतिगत रूप से फैसला लिया जाएगा। इसी बैठक में राज्य के विभिन्न हिस्सों में चलने वाली बसों के रूट चार्ट पर भी मुहर लगेगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक श्याम किशोर ने बताया, नए रूट पर बस चलाने का फैसला जल्द ले लिया जाएगा।
गौरतलब है कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम योजना बना रहा है कि गांधी मैदान से पटना जंक्शन, आर ब्लाक से अटल पथ वाया जेपी सेतु, सोनपुर होते हुए हाजीपुर तक बस चलाई जाए। इससे सोनपुर व हाजीपुर जाना भी आसान हो जाएगा। अटल पथ पर आर ब्लॉक, मोहनपुर संप हाउस, महेशनगर, राजीवनगर व दीघा में बस स्टॉपेज पर बसें रुकेंगी। अटल पथ के अंतिम छोर यानी दीघा में ओवरब्रिज नहीं बनने से सिटी बसों को दीघा बाजार होते हुए दानापुर नहर के पास यू-टर्न लेना पड़ेगा। बसों के रूट निर्धारण पर होने वाली बैठक में सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार होगा। उसके बाद फैसला होगा। निगम के अधिकारी अध्ययन में जुट गए हैं। बसों का 15वां रूट बनेगा अटल पथ :
शहर में नगर बस सेवा के 14 रूटों पर बहाल हैं। अटल पथ 15वां बस रूट होगा। जल्द ही और बस रूट बढ़ सकते हैं। अभी गांधी मैदान से पटना जंक्शन होते हुए बसों का परिचालन होता है। सिटी बस बिहटा, दानापुर रेलवे स्टेशन, दानापुर बस स्टैंड, सगुना मोड़ से मनेर, गांधी मैदान से गांधी सेतु होते हुए हाजीपुर, पटना साहिब स्टेशन, बिहारशरीफ, एयरपोर्ट से बेली रोड और चितकोहरा-करबिगहिया होते हुए गांधी मैदान के बीच चलती है। वर्तमान में 25 हजार से अधिक यात्री प्रतिदिन सिटी बस से यात्रा करते हैं।