चिराग पासवान ने कहा- कोविड से लड़ाई में नीतीश सरकार फेल, लोजपा ने वीकेंड लॉकडाउन की मांग की

लोजपा अध्‍यक्ष चिराग पासवान ने पार्टी के सभी जिलाध्‍यक्षों के साथ बैठक कर राज्‍य में कोविड-19 के हालात की जानकारी ली। नीतीश सरकार को महामारी के नियंत्रण में पूरी तरह से फेल करार दिया। कार्यकर्ताओं को लोगों की मदद करने का निर्देश दिया।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 03:59 PM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 04:18 PM (IST)
चिराग पासवान ने कहा- कोविड से लड़ाई में नीतीश सरकार फेल, लोजपा ने वीकेंड लॉकडाउन की मांग की
सीएम नीतीश कुमार और लोजपा अध्‍यक्ष चिराग पासवान की तस्‍वीर ।

पटना,राज्य ब्यूरो। लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को सभी जिलाध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक की और कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के बारे में जानकारी ली।

चिराग ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि हर परिस्थिति में लोगों की मदद करें। उन्होंने कहा कि कोरोना से लोगों को बचाने और चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने में नीतीश सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। बैठक में प्रदेश लोजपा अध्यक्ष प्रिंस राज, कार्यकारी अध्यक्ष राजू तिवारी, प्रधान महासचिव संजय पासवान और संगठन संजय सिंह शामिल हुए।

 वीकेंड लॉकडाउन की मांग

प्रदेश लोजपा के अध्यक्ष प्रिंस राज ने सरकार द्वारा राज्‍यपाल फागू चौहान की अध्‍यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक में बिहार में कोरोना की भयावह स्थिति को लेकर उपजे हालात पर चिंता जताई। उन्होंने सुझाव दिया कि अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी न हो, इस ओर सरकार को ध्यान देना चाहिए। अस्पतालों में बेड और वेंटिलेटर की संख्या तत्काल बढ़ायी जाए। प्रदेश में लॉकडाउन नहीं लगाया जाए और अगर लगाने की नौबत आती है तो वीकेंड लॉकडाउन लगाने पर विचार किया जाए। इससे पहले लोगों के खानपान एवं अन्य जरुरी सामानों का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध कराया जाए ताकि किसी को भुखमरी का सामना न करना पड़े।

वैक्‍सीन लगाने की मुहिम जरूरी

प्रिंस राज ने राज्यपाल को यह भी सुझाव दिया कि अन्य प्रदेशों से आ रहे मजदूरों और अन्य यात्रियों की कोरोना जांच शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। इसके लिए समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि इस महामारी को फैलने से रोका जा सके। मजदूरों के के लिए रोजगार का सृजन किया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार में लोगों के बीच शारीरिक दूरी और मास्क का सही ढंग से इस्तेमाल करने को लेकर ज्यादा से ज्यादा जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही गांव से लेकर पंचायत स्तर तक कोविड वैक्सीन लगाने के लिए एक मुहिम चलाने की आवश्यकता है।

पूर्व सांसद रेणु कुशवाहा बनीं लोजपा की राष्ट्रीय महासचिव

लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने पूर्व सांसद रेणु कुशवाहा, पूर्व विधायक अनिल चौधरी और वीरेश्वर सिंह को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है, जबकि मिथिलेश सिंह और उषा शर्मा को राष्ट्रीय सचिव बनाया है। पूर्व विधायक रवींद्र यादव और विजय कुमार सिंह को राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य तथा शाहनवाज कैफी को संसदीय बोर्ड का सदस्य बनाया गया है।

chat bot
आपका साथी