बिहार में चिराग पासवान को मिला बड़ा सहारा, BJP और पप्पू यादव की पार्टी के नेताओं ने थामा लोजपा का दामन

लोजपा में टूट के बाद अकेले पड़ते जा रहे चिराग पासवान को बड़ा सहारा मिला है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी (जाप) के कई नेताओं ने लोजपा का दामन थाम लिया।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 09:24 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 09:24 PM (IST)
बिहार में चिराग पासवान को मिला बड़ा सहारा, BJP और पप्पू यादव की पार्टी के नेताओं ने थामा लोजपा का दामन
जमुई के लोजपा सांसद चिराग पासावान। जागरण आर्काइव।

जागरण टीम, पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (चिराग गुट) में अब बड़े नाम की बात करें तो केवल जमुई सांसद चिराग पासवान ही बचे हैं। छह सांसदों में से पांच ने हाजीपुर सांसद पशुपति कुमार पारस को अपने नेता चुन लिया है। पशुपति अब केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री बन चुके हैं। लोजपा और परिवार में टूट पर चिराग अपने चाचा पशुपति कुमार पारस और भाई समस्तीपुर के सांसद प्रिंस राज को ही दोषी बता रहे हैं। ऐसे में अकेले पड़ते जा रहे जमुई सांसद चिराग पासवान को बड़ा सहारा मिला है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी (जाप) के कई नेताओं ने लोजपा का दामन थाम लिया। 

भाजपा और जाप के इन नेताओं ने थामा लोजपा का दामन

लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता कुमार विवेक आनंद, ज्ञान रंजन वत्स, विकास कुमार झा, मंटू कुमार, अभिषेक कुमार, विवेक कुमार, रंजती कुमार सिंह, पवन कुमार, रविश सिंह यादव और हिमांशु शेखर अपने समर्थकों के साथ चिराग पासवान की पार्टी में शामिल हो गए। वहीं पूर्व सांसद पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी (जाप) के पटना महानगर महासचिव अनिल पासवान, शिवा पासवान, राकेश कुमार, रंजीत पासवान सहित कई नेताओं ने लोजपा की सदस्यता ग्रहण की। 

लोजपा के प्रति लोगों को जुड़ाव बढ़ा हैः चिराग

जमुई सांसद चिराग पासवान ने लोजपा के साथ जुड़े नेताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी के प्रति लोगों का जुड़ाव बढ़ा है। जनता का आशीर्वाद पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद यात्रा के दौरान भी जिलों से लोगों का जनसमर्थन मिल रहा है। नए नेताओं के पार्टी से जुड़ने पर पार्टी के प्रधान महासचिव संजय पासवान, प्रदेश संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष हुलास पांडेय, संगठन मंत्री संजय सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशरफ अंसारी सहित कई नेताओं ने नए साथियों को बधाई दी है। 

chat bot
आपका साथी