बिहारः लोजपा में टूट पर चिराग पासवान का बड़ा बयान, जदयू और भाजपा से ज्यादा इन्हें बताया दोषी

सांसद चिराग पासवान ने फिर कहा कि बिहार की एनडीए सरकार चलने वाली नहीं है। राज्य में बहुत जल्द मध्यावधि चुनाव होगा। चिराग ने उनकी पार्टी में टूट के पीछे जदयू-भाजपा से अधिक अपने परिवार को दोष दिया।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 08:12 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 08:12 PM (IST)
बिहारः लोजपा में टूट पर चिराग पासवान का बड़ा बयान, जदयू और भाजपा से ज्यादा इन्हें बताया दोषी
लोक जनशक्ति पार्टी सांसद चिराग पासवान। जागरण आर्काइव।

जासं, शेखपुरा : लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) प्रमुख सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने फिर कहा कि बिहार की एनडीए सरकार चलने वाली नहीं है। राज्य में बहुत जल्द मध्यावधि चुनाव होगा। शनिवार को शेखपुरा में पटना से जमुई जाने के क्रम में पार्टी के दिवंगत नेता चंदन यादव के घर पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने ये बातें कहीं। 

चिराग पासवान ने उनकी पार्टी में टूट के पीछे जनता दल यूनाइडेट (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से अधिक अपने परिवार को दोष दिया। कहा कि चाचा केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस और भाई सांसद प्रिंसराज ने ही पार्टी को तोड़ा है। अभी मेरी हैसियत जदयू और भाजपा पर अंगुली उठाने की नहीं है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की तरफ से मिल रहे न्योते और खुद के राजद के प्रति लगाव पर कहा कि अभी बिहार के लोगों का आशीर्वाद लेने के लिए निकले हैं। चिराग पासवान ने कहा कि समय आने पर गठबंधन का फैसला करेंगे। हमारा राजनीतिक उद्देश्य पिता रामविलास पासवान के बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के सपने को पूरा करना है, जिसके लिए आशीर्वाद यात्रा पर निकले हैं।  

पांच साल पूरा नहीं कर पाएगी नीतीश सरकार

गौरतलब है कि चिराग पासवान पहले भी बिहार में मध्यावधि चुनाव की बात करते रहे हैं। चिराग का कहना है कि नीतीश कुमार सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। पांच साल के पहले ही सरकार गिर जाएगी। चिराग पासवान 2020 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव से ही जदयू का विरोध कर रहे हैं। चुनाव के समय भी चिराग जनता से कह रहे थे कि जब भी जदयू का कोई प्रत्याशी वोट मांगने आए तो उससे पांच साल किए हुए कार्य का हिसाब मांगिए। हालांकि विधानसभा चुनाव में चिराग का मात्र एक प्रत्याशी विधानसभा में पहुंच सका था। बाद में एक मात्र एमएलए ने भी नीतीश कुमार की जदयू का दामन थाम लिया था। 

chat bot
आपका साथी