बिहार के मुख्‍य सचिव त्रिपुरारी शरण इसी महीने होंगे रिटायर, जानें उनके बाद किसको मिल सकता है जिम्‍मा

New Chief Secretary of Bihar पटना सचिवालय के गलियारे में फिर से नए मुख्य सचिव के नाम को लेकर कयासों का दौर शुरू है। 30 जून को वर्तमान मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण सेवानिवृत्त होने वाले हैं। यहां देखें कौन से नाम चल रहे चर्चा में।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 06:01 AM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 06:12 AM (IST)
बिहार के मुख्‍य सचिव त्रिपुरारी शरण इसी महीने होंगे रिटायर, जानें उनके बाद किसको मिल सकता है जिम्‍मा
इसी महीने हो जाएगा बिहार के नए मुख्‍य सचिव का फैसला। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, राज्य ब्यूरो। New Chief Secretary of Bihar: पटना सचिवालय के गलियारे में फिर से नए मुख्य सचिव के नाम को लेकर कयासों का दौर शुरू है। 30 जून को वर्तमान मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण सेवानिवृत्त होने वाले हैं। पिछले कई बार से बिहार में मुख्य सचिव को एक्सटेंशन दिए जाने की बात सामने आती रही है, पर सचिवालय के गलियारे में इस बात की अभी कोई चर्चा नहीं कि त्रिपुरारी शरण को अवधि विस्तार मिल सकता है।

वरीयता के लिहाज से संजीव सिन्‍हा का नंबर

वरीयता के लिहाज से देखें तो वर्तमान में राजस्व पर्षद के अध्यक्ष सह सदस्य संजीव कुमार सिन्हा सबसे पहले नंबर पर हैं। वह 1986 बैच के अधिकारी हैं। मई 2022 में उनकी सेवानिवृत्ति है, लेकिन उन्हें मुख्य सचिव के पद पर तैनात किए जाने को ले फिलहाल कोई चर्चा नहीं है।

आमिर सुबहानी सबसे प्रबल दावेदार

संजीव कुमार सिन्हा के बाद वरीयता में 1987 बैच के अधिकारी आमिर सुबहानी का नंबर है। वर्तमान में वे विकास आयुक्त के प्रभार में हैं। यह परंपरा रही है कि सरकार विकास आयुक्त को ही मुख्य सचिव बनाती रही है। वैसे त्रिपुरारी शरण इस मामले में अपवाद रहे। हाल के दिनों में मुख्य सचिव रहे दीपक कुमार और अरुण कुमार सिंह इस ओहदे पर पदस्थापित होने से पहले विकास आयुक्त रहे हैं। 

आमिर सुबहानी 2024 में होंगे रिटायर

अगर आमिर सुबहानी को मुख्य सचिव बनाया जाता है, तो वह अप्रैल 2024 तक इस पद पर रहेंगे। वे सरकार के चहेते व काम से मतलब रखने वाले अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। सिविल सर्विस की परीक्षा में वे टापर रहे थे। उन्हें अगर मुख्य सचिव बनाया गया, तो नए विकास आयुक्त की भी तैनाती होगी।

अतुल प्रसाद का नंबर वरीयता के अनुसार तीसरा

आमिर सुबहानी के बाद वरीयता के लिहाज से अतुल प्रसाद का नाम आता है। अतुल प्रसाद भी 1987 बैच के अधिकारी हैं। वर्तमान में वे समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं। फरवरी 2022 में वे सेवानिवृत्त होंगे।

chat bot
आपका साथी