बिहारः भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति से पहले दो पार्टी पदाधिकारियों का बढ़ाया कद

बिहार भाजपा संगठन में शुक्रवार को बदलाव किया गया है। बिहार भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने नए पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष बेबी कुमारी को महामंत्री बनाया गया है। जानें और किसे मिली क्या जिम्मेदारी।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 02:27 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 02:27 PM (IST)
बिहारः भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति से पहले दो पार्टी पदाधिकारियों का बढ़ाया कद
बिहार भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना : बिहार भाजपा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से दो दिन पहले चार अहम बदलाव किए गए। पार्टी ने संगठन में प्रदेश महामंत्री सरकार में खान एवं भूतत्व मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे जनक राम को महामंत्री की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया। बिहार भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने प्रदेश संगठन में बदलाव के साथ नए पदाधिकारियों की सूची जारी भी कर दी है। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष बेबी कुमारी का कद बढ़ाकर प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वहीं, प्रदेश मंत्री सिद्धार्थ शंभु का कद बढ़ाकर प्रदेश उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। पहली बार सीतामढ़ी जिले के बथनाहा से विधायक अनिल राम को प्रदेश मंत्री बनाया गया है।

अहम यह है कि तीनों नेता उत्तर बिहार से आते हैं। इसमें प्रदेश मंत्री से उपाध्यक्ष बनाए गए सिद्धार्थ शंभु वैश्य समुदाय से आते हैं। मोतिहारी जिले के रहने वाले हैं। सिद्धार्थ बिहार भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल के करीबी भी माने जाते हैं।

बता दें कि बिहार भाजपा संगठन में अभी कई नेता दोहरी भूमिका में हैं। इसमें दीघा विधानसभा से विधायक संजीव चौरसिया भी हैं। संजीव उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी होने के साथ बिहार के महामंत्री का कार्यभार संभाल रहे हैं। इसी तरह बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन भी नीतीश सरकार में पथ मंत्री होने के साथ छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी भी हैं। गौरतलब है कि रविवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होनी है। इसके पहले भाजपा ने संगठन में बदलाव किया है। संगठन विस्तार के संबंध में शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने ट्वीट कर संगठन में बदलाव का एलान किया।

जदयू ने प्रदेश कमेटी में महिलाओं को दी तरजीह

गौरतलब है कि एक दिन पहले गुरुवार को जदयू ने प्रदेश कमेटी की सूची जारी की थी। इसके साथ ही जदयू की प्रदेश कार्य समिति में 33 फीसद से अधिक महिलाओं की हिस्सेदारी है। पार्टी में 72 महिलाएं पार्टी की पदधारक बन गई हैं। बड़ी बात यह है कि विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने वाली महिलाओं को भी प्रदेश कमेटी में जगह दी गई।

chat bot
आपका साथी