भाड़ा विवाद में चली गोली, तीन लोग गंभीर जख्मी

बाढ़ के शेखोपुर गांव में मंगलवार की सुबह फायरिंग हो गई। तीन लोग जख्मी हो गए।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 06:17 PM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 06:17 PM (IST)
भाड़ा विवाद में चली गोली, तीन लोग गंभीर जख्मी
भाड़ा विवाद में चली गोली, तीन लोग गंभीर जख्मी

बाढ़ के शेखोपुर गांव में हुई वारदात, नौ लोग गिरफ्तार

संवाद सहयोगी, बाढ़: सुबह-सुबह मंगलवार को बहुत कम लोगों की नींद खुली होगी कि बाढ़ के शेखोपुर गांव में गोली चलने लगी। फायरिंग की आवाज से ही कई लोगों की नींद टूटी। जब तक कुछ घटनास्थल की ओर जाते तीन गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। दो को डॉक्टरों ने रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि बाढ़ थाना क्षेत्र के शेखोपुर में बीते दिनों बरात के लिए भाड़े पर एक पक्ष ने बोलेरो किया था। बोलेरो लेट से पहुंची। कम लोगों को लेकर ही चली गई। इसके बाद भाड़ा मागने पर शेखोपुर गांव के ही दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पहले तो जमकर मारपीट हुई। बाद में फायरिंग हो गई। घटना में सतीश कुमार, रोशन कुमार व धनंजय कुमार को गोली लग गई। तीनों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से सभी को प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। वहीं मारपीट में जख्मी एक व्यक्ति का इलाज बाढ़ अस्पताल में ही चल रहा है। घटना की सूचना पर बाढ़ थाने की पुलिस पहुंच गई। कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार कर थाने ले आई।

इधर, जख्मी युवक रोशन कुमार ने बताया कि भाड़े के विवाद को लेकर सोमवार की शाम को बहस और मारपीट हुई थी। उसके बाद सुबह शौच के लिए जा रहे एक बुजुर्ग के साथ मारपीट होने लगी। इसकी सूचना के बाद लोग जुटे। इस दौरान अचानक फायरिंग होने लगी। एक गोली जाघ में लग गई। इलाज के लिए हमें अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। वारदात के बाद गांव में तनाव

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों तरफ से फायरिंग हुई है। दोनों तरफ के तीन लोगों को गोली लगी है। एक गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। सुबह में हुई घटना के बाद गाव में तनाव का माहौल कायम है। बता दें कि अचानक हुई फायरिंग से लोगों में सुबह-सुबह अफरातफरी मच गई थी। कई राउंड फायरिंग होने की सूचना है। ---------------------

गाड़ी के भाड़े के विवाद को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। तीन लोगों को गोली लगी है। गिरफ्तार किए गए नौ लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।

संजीत कुमार, थानाध्यक्ष, बाढ़

chat bot
आपका साथी