शादी के मंडप में दूल्हे का हाल देख बिगड़ा माहौल, पटना में झारखंड के हजारीबाग से आए बाराती भी बुरे फंसे

पटना के एक घर में झारखंड के हजारीबाग से बारात आई थी। इसी जगह शादी भी हो रही थी। रविवार की शाम शादी की रस्‍म शुरू हुई। सब कुछ ठीक से चल रहा था। लेकिन ऐन सिंदूरदान के पहले ही माहौल बदल गया।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 12:55 PM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 12:55 PM (IST)
शादी के मंडप में दूल्हे का हाल देख बिगड़ा माहौल, पटना में झारखंड के हजारीबाग से आए बाराती भी बुरे फंसे
पटना के गोला रोड में बारातियों को बनाया गया बंधक। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना/दानापुर, जागरण टीम। झारखंड के शहर हजारीबाग से बिहार की राजधानी पटना में आई एक बारात को लड़की के परिवार ने बंधक बना लिया। शादी में सिंदूरदान की रस्‍म से ठीक पहले मामला बिगड़ गया। इसके बाद लड़की वालों ने शादी करने से ही इन्‍कार कर दिया। अब लड़की वालों का कहना है कि दान-दहेज में दिया गया सारा सामान लौटाने के बाद ही वे बारात को वापस लौटने देंगे। इस मामले की खबर पुलिस को लगी तो एक टीम को मौके पर भेजा गया था। पुलिस के पहुंचने पर दोनों ही पक्ष ने कहा कि वे आपसी सहमति से मामला सुलझा लेंगे। इसके बाद पुलिस वापस लौट गई।

विवाह की हसरत रह गई अधूरी

मिली जानकारी के अनुसार, दानापुर थानाक्षेत्र के गोला रोड स्थित एक घर में बारात आई थी। इसी जगह शादी भी हो रही थी। रविवार की शाम शादी की रस्‍म शुरू हुई। सब कुछ ठीक से चल रहा था। लड़का और लड़की दोनों पक्ष के लोग उत्‍साहित थे। नाच-गाना और खाने-पीने का दौर सब चलता ही रहा। इस बीच सिंदूर दान से ठीक पहले दूल्‍हा किसी वजह से बेहोश हो गया। इसके बाद तो पूरा माहौल ही बदल गया।

दूल्‍हे की बीमारी की वजह से फंसा मामला

लड़की वालों को इस बात की आशंका है कि दूल्‍हे को पहले से कोई बीमारी है, जिसे छिपाया गया था। कुछ लोग दूल्‍हे को मिर्गी की बीमारी होने की बात भी कह रहे हैं। बहरहाल लड़की वालों का कहना है कि अब वे किसी भी हाल में यह शादी नहीं करेंगे। उनका कहना है कि दहेज में दिया गया सारा सामान और रुपये लौटाने के बाद बारात के लोगों को लौटने दिया जाएगा। दारोगा अर्चना ने बताया कि दोनों पक्ष आपसी सहमति के आधार पर मामला सुलझाने की बात कह रहे हैं। किसी पक्ष से पुलिस को शिकायत नहीं मिली है।

chat bot
आपका साथी