BhojpurCrime : एक ही रस्सी से झूलते पाए गए प्रेमी युगल, पांच वर्ष से था दोनों में प्रेम, खुदकुशी और ऑनर कीलिंग के बिंदुओं पर जांच
भोजपुर जिले के संदेश थाना के संदेश टोला बगीचा में लगभग पांच बजे उस वक्त लोगों के होश उड़ गए जब लोगों ने बागीचे में दो जोड़ों का लटका हुआ शव देखा। पुलिस को तत्काल सूचना दी गई
जेएनएन, पटना। भोजपुर जिले के संदेश थाना के संदेश टोला बगीचा से सोमवार की सुबह पेड़ से लटके हालत में एक प्रेमी युगल का शव बरामद किया गया। मृतक निरंजन पासवान संदेश तथा रोजी खातून काजी टोला की बताई जाती है। दोनों के बीच करीब पांच साल से लव अफेयर की बात सामने आ रही है।
घटना के बारे में बताया गया कि सुबह करीब पांच बजे जब लोग अपने खेतों की ओर जा रहे थे तो उन्होंने संदेश टोला बागीचे में रस्सी से लटकते शव को लटका देखा। शव को देखते ही उनके होश उड़ गए। बात जंगल में आग की तरह फैल गई। मौके पर तुरंत लोग इकट़़ठे हो गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर तफ़तीश में जुट गई।
ऑनर कीलिंग व खुदकुशी के बिंदुओं पर हो रही जांच
बताया गया कि लड़की संदेश थाना अंतर्गत काजीचक की रहने वाली रोजी खातून है जिसके पिता का नाम मोहम्मद सिराजुद़द़ीन है। लड़का संदेश थाना अंतर्गत ही संदेश गांव के विजेन्द्र पासवान का पुत्र निरंजन कुमार है। दोनों जामुन के पेड़ से रस्सी के सहारे लटके पाए गए। लड़के का मुंह बंद और लड़की का जीभ बाहर की ओर पाया गया है। पुलिस के अनुसार मामला ऑनर कीलिंग या सुसाइड से जुड़ा हो सकता है। जो भी हो पुलिस मामले में हर एंगल से तफ़तीश कर रही है।
पांच साल से था दोनों में प्रेम
इस बाबत पूछने पर संदेश थाना प्रभारी सुदेह कुमार ने बताया कि शुरूआती जांच में मामला ऑनर कीलिंग का लग रहा है हालांकि प्रेम में असफल होने पर खुदकुशी के एंगल से भी छानबीन की जा रही है। दोनों प्रेमी युगल थे और पांच साल से दोनों में प्रेम संबंध थे। सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर जब पहुंची तो दोनों एक ही रस्सी में लटके मिले। गर्दन पर वी आकार का निशान पाया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो जाएगा।