पटना की युवती को ब्वायफ्रेंड ने बुरा फंसाया, थानों का चक्कर लगा थकी, गंदा वीडियो बनाकर किया ये काम
Patna Crime पटना की एक युवती को उसके ब्वाय फ्रेंड ने गजब फंसा दिया अब पीड़िता इस थाने से उस थाने का चक्कर लगाने को मजबूर हो रही है यह पूरा मामला दूसरी लड़कियों की आंखें खोल सकता है
पटना, जागरण संवाददाता। Patna Crime: ब्वाय फ्रेंड से शादी से पहले शारीरिक संबंध और लिव इन रिलेशन के चक्कर में हर रोज कई युवतियों की जिंदगी बर्बाद हो रही है। शादी तो होनी है, साथ रहने में क्या दिक्कत है, यह सोचकर कदम बढ़ाने वाली युवतियों को बाद में लगने लगता है कि वे गलत थीं। इसके बाद पुलिस और कचहरी का चक्कर शुरू होता है। सामाजिक बदनामी होती है अलग से। पटना के कंकड़बाग में रहने वाली 20 साल की युवती ने ऐसी ही शिकायत पुलिस से की है। हालांकि युवती की शिकायत पर पुलिस ने अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस अभी लड़की के ब्वाय फ्रेंड के बारे में पड़ताल कर रही है। इधर, पीड़िता ने अपने ब्वाय फ्रेंड पर कई संगीन आरोप लगाए हैं और खुद को खतरा भी बताया है।
पहले खुद के घर, फिर किराए के मकान में रखा
कंकड़बाग की रहने वाली 20 साल की युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि वह उसे कई माह से अपने घर में रखे हुआ था। बाद में उसने लड़की को कुछ दिनों तक किराए के मकान में भी रखा। इस बीच लड़की गर्भवती हो गई तो इनके रिश्ते धीरे-धीरे दरकने लगे। लड़की ने शादी की बात कही तो लड़के ने इससे साफ इनकार कर दिया।
दो थानों का लगा चुकी है चक्कर, पर दर्ज नहीं हुआ केस
पीड़िता का कहना है कि युवक ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया है। इस वीडियो को दिखाकर वह ब्लैकमेल भी करता है। वह अब उसे शराब की सप्लाई करने का कहता है। ऐसा नहीं करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देता है। पीड़िता का कहना है कि वह अब तक दो थानों का चक्कर लगा चुकी है, लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ। युवती के दावे से पटना पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।