पटना में बॉस ने किया गर्भवती सहकर्मी से दुष्कर्म, दो थाने जाने के बाद भी दर्ज नहीं हुई FIR

पटना में स्कूल के साथ सैनिटाइजर का कारोबार करने वाली कंपनी के बॉस पर नवविवाहिता ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। गर्भवती पीड़िता कंपनी में टेलीकॉलर की नौकरी करती है। पीड़िता की शिकायत थाने में दर्ज नहीं हो रही है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 12:40 PM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 10:09 PM (IST)
पटना में बॉस ने किया गर्भवती सहकर्मी से दुष्कर्म, दो थाने जाने के बाद भी दर्ज नहीं हुई FIR
राजीव नगर थाना क्षेत्र में गर्भवती के साथ उसके बॉस ने दुष्कर्म किया।

पटना, जेएनएन। राजीव नगर थाना क्षेत्र में स्कूल के साथ सैनिटाइजर का कारोबार करने वाली कंपनी के बॉस पर नवविवाहिता ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। गर्भवती पीड़िता कंपनी में टेलीकॉलर की नौकरी करती है। उसका आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए वह दो दिन से गांधी मैदान से लेकर महिला थाने का चक्कर लगा रही है। उसका आवेदन नहीं लिया गया। जबकि महिला थाना प्रभारी आरती जायसवाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। 

पति की नौकरी जाने पर करने लगी काम

पीडि़ता गांधी मैदान थाना क्षेत्र के बाकरगंज की रहने वाली है। उसने बताया कि लॉकडाउन के एक माह पहले उसका विवाह हुआ। लॉकडाउन के दौरान पति की नौकरी चली गई। घर में आर्थिक तंगी हो गई तो वह राजीवनगर में सैनिटाइजर कंपनी में जॉब करने लगी। कंपनी का बॉस निजी स्कूल संचालक भी है। वह वहां टेलीकॉलर है। एक दिन बॉस ने उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास किया। विरोध किया। लेकिन, नौकरी जाने के डर से वह चुप रही। 17 सितंबर को बॉस ने शाम को उसे ऑफिस में रोक लिया। बताया कि गेस्ट आने वाले हैं। इस दौरान उसके साथ फिर जबरदस्ती की। आरोपित ने उसके साथ तीन दिन तक दुष्कर्म किया। उसने रोते हुए पूरा घटनाक्रम पति को बताया।

फोन कर केस उठाने की दी धमकी 

पीड़िता का आरोप है कि गांधी मैदान थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने गई, जहां से उसे महिला थाने भेज दिया गया। महिला थाने में दो दिन से दौड़ रही है। पीड़िता ने कहा, महिला थाना पुलिस ने आरोपित को थाने बुलाने की बात कह आवेदन ले लिया। लेकिन, प्राथमिकी दर्ज नहीं की। वह 22 सितंबर को महिला थाने पहुंची थी। बुधवार को पीड़िता फिर थाने पहुंची। पुलिस ने आरोपित को फोन कर थाने बुलाया, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। थाने से फोन जाने के बाद आरोपित पीड़िता को फोन कर केस उठाने का दबाव बना रहा है। 

chat bot
आपका साथी