सुशील मोदी बोले- नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी से पहले कांग्रेस बदले अपना चश्मा, लाश पर राजनीति न करें राहुल

सुशील मोदी ने मंगलवार को एक के बाद एक कई ट्वीट कर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पश्चिम बंगाल की हिंसा और किसान के नाम पर जारी प्रायोजित आंदोलन में शामिल महिला से सामूहिक दुष्कर्म दिखाई नहीं देता है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Wed, 12 May 2021 01:54 PM (IST) Updated:Wed, 12 May 2021 01:54 PM (IST)
सुशील मोदी बोले- नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी से पहले कांग्रेस बदले अपना चश्मा, लाश पर राजनीति न करें राहुल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना: राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने मंगलवार को एक के बाद एक कई ट्वीट कर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने लिखा पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी जिस कांग्रेस को जनता ने नकार दिया। लोकसभा चुनाव में हार के दो वर्ष बाद भी कांग्रेस नया पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं खोज पाया, वह कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में पीडि़तों सेवा के लिए नहीं, केवल लाश पर राजनीति के मौके खोजने में लगा है। राहुल गांधी को पश्चिम बंगाल की हिंसा और किसान के नाम पर जारी प्रायोजित आंदोलन में शामिल महिला से सामूहिक दुष्कर्म दिखाई नहीं देता है। कांग्रेस को प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करने से पहले अपना चश्मा बदलना चाहिए। 

सुशील मोदी ने अगले ट्वीट में लिखा असम में भाजपा सत्ता में लौटी, पश्चिम बंगाल में पार्टी ने तीन के अंक से लंबी छलांग लगा कर 77 विधायकों के साथ मुख्य विपक्षी दल का दर्जा हासिल किया, वहां लंबे समय तक सत्ता में रहे कांग्रेस तथा वाम दलों का सफाया हो गया और पुडुचेरी में भाजपा एनडीए सरकार में शामिल हुई। यदि राहुल गांधी का चश्मा ठीक होता, तो वे कम से कम असम और पुडुचेरी के नये मुख्यमंत्रियों को बधाई देते और बंगाल में कांग्रेस के सफाए पर दुखी होने के बजाय टीएमसी की वापसी पर खुश नहीं होते।

ओछी राजनीति कर रही कांग्रेस, जनता में है आक्रोश : जायसवाल

बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने मंगलवार को जारी बयान में कहा है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा सोनिया गांधी को लिखा गया पत्र करारा जवाब है। उन्होंने कहा है कि पत्र ने कोरोना महामारी के इस दौर में कांग्रेस द्वारा की जा रही दोमुंही और ओछी राजनीति को पूरी तरह से उजागर करके रख दिया है। पत्र का एक-एक शब्द कांग्रेस के नाकारेपन और आपदा में राजनीतिक के अवसर तलाशने की उसकी मंशा को बेनकाब करने वाला है। जेपी नड्डा का पत्र इस महामारी में कांग्रेस पार्टी द्वारा की जा रही कारस्तानियों के खिलाफ जनता के आक्रोश की अभिव्यक्ति है। इसमें तथ्यों के साथ वह सारे सवाल लिखे हुए हैं जो जनता कांग्रेसी नेताओं से जानना चाहती है। इसके अतिरिक्त उन्होंने इस पत्र में कांग्रेस के एक-एक झूठ और फैलाए गए दुष्प्रचार का भंडाफोड़ भी किया है।    

जायसवाल कहा कि यह किसी से छिपा नहीं है कि कांग्रेस के नेता किस तरह से कोरोना संकट की आड़ में अपनी सियासी जमीन को खोजने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। चाहे वह लॉकडाउन का मुद्दा हो या टीकाकरण का, कांग्रेस के नेताओं ने हर मुद्दे पर जनता को भड़काने की पुरजोर कोशिश की है। इस षड्यंत्र में कांग्रेस के समान्य नहीं बल्कि दिग्गज नेता शामिल है।

chat bot
आपका साथी