Bihar Weather Update: बिहार में आंधी-बारिश से भारी नुकसान, वज्रपात व मकान गिरने से पांच की मौत

Bihar Weather Update बीते कई दिनों की गर्मी के बाद बीती शाम राज्‍य में कई जगह आंधी-बारिश हुई। इससे गर्मी से राहत मिली लेकिन जान-माल की भारी क्षति भी हुई।

By Amit AlokEdited By: Publish:Sun, 31 May 2020 09:08 AM (IST) Updated:Sun, 31 May 2020 03:31 PM (IST)
Bihar Weather Update: बिहार में आंधी-बारिश से भारी नुकसान, वज्रपात व मकान गिरने से पांच की मौत
Bihar Weather Update: बिहार में आंधी-बारिश से भारी नुकसान, वज्रपात व मकान गिरने से पांच की मौत

पटना, जेएनएन। प्री-मानसून के दौर में प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी उमस रहती है। उमस भरी गर्मी के बाद शनिवार देर शाम आंधी के बाद रात तक झमाझम बारिश हुई। रविवार को भी जगह-जगह बारिश व वज्रपात से भारी नुकसान हुआ है। आम एवं लीची की फसलों को नुकसान हुआ है। जगह-जगह पेड़ व बिजली के खंभे उखड़ गए हैं तो घर भी गिर गए हैं। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरान पांच लोगों की मौत हो गई।

चक्रवात के कारण राज्य में आंधी के साथ बारिश

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के संजय कुमार के अनुसार, वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवात की स्थिति बनी हुई है। इस कारण राज्य के सीमावर्ती इलाके में आंधी के साथ बारिश हो रही है। शनिवार को पटना, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, पूर्वी चंपारण, नवादा, जहानाबाद, अरवल, जमुई एवं बांका आदि जिलों में आंधी और बारिश हुई। रविवार को भी राजधानी समेत गया, जहानाबाद, रोहतास, औरंगाबाद व कैमूर आदि जिलों में बादल छाए हुए हैं। कई जगह बारिश हो हो रही है।

बिहार में आंधी व वज्रपात से पांच की मौत

राज्‍य में आंधी व बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। जगह-जगह वज्रपात व मकान गिरने से पांच लोगों की मौत की खबर मिली है। औरंगाबाद के हसपुरा थाना अंतर्गत डिंडिर गांव में वज्रपात से एक व्‍यक्ति की मौत हो गई। घटना में एक अन्‍य के घायल होने की भी जानकारी मिली है। कैमूर में आंधी के दौरान घर का छज्‍जा गिरने से मलबे में तीन लड़कियां दब गईं, जिनमें एक की मौत हो गई। उधर, रविवार की सुबह रोहतास के विक्रमगंज में पशुओं को चराने निकलीं दो लड़कियां भी वज्रपात की शिकार हो गईं। रोहतास में ही ताड़ के एक पेड़ पर वज्रपात के कारण एक मवेशी की भी मौत हो गई।

राजधानी पटना में भी भारी नुकसान

पटना में शनिवार शाम 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आधे घंटे तक आंधी चली। इससे कई जगह पेड़ व बिजली के खंभे गिर गए। इस कारण सड़कों पर यातायात ठप हो गया तो कई इलाकों में देर रात तक बिजली भी ठप रही। पटना के बेली रोड पर हाईकोर्ट के पास पेड़ गिर गया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस रूट डायवर्जन कर जेसीबी से पेड़ हटवाने में जुट गई। इस दौरान एक बाइक सवार जख्मी हो गया। करीब आधा घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ।

छह मंजिला भवन क्षतिग्रस्‍त, झोपड़ियां उड़ीं

राजधानी के मुन्नाचक चौराहा के पास छह मंजिले भवन का छज्जा और बालकनी गिर गए। पुलिस-प्रशासन की टीम ने भवन में रहने वाले 80 लोगों को वहां से हटाया। तेज आंधी में मलाही पकड़ी स्थित एक मकान का हिस्सा गिर गया। राज्‍य में जगह-जगह झोंपड़ियां उड़ गईं।

आम व लीची की फसल को भारी नुकसान

आंधी-बारिश के कारण राज्‍य में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, आम व लीची की फसल को भारी नुकसान हुआ है।

नम व गर्म हवाओं के मिलने से बन रहे बादल

राज्य के पूर्वी भाग में बादल छाए हुए हैं। मौसम में अचानक बदलाव का मुख्य कारण बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवा एवं पश्चिम से आने वाली गर्म हवा का मिलन है। दोनों हवाओं के मिलन से प्रदेश के आकाश में वाष्पीकरण हो रहा है। इससे बादल बन रहे हैं। बादल बनने के बाद आंधी के साथ बारिश हो जा रही है।

प्री-मानसून के दौर में कभी गर्मी तो कभी बारिश

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून का दौर है। ऐसे में कभी गर्मी तो कभी बारिश हो रही है। शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 36.4 एवं न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर की हवा में 57 फीसद नमी रही।

chat bot
आपका साथी