बिहारः कोरोना के बीच मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, बारिश के साथ आंधी कर सकती है परेशान

Bihar Weather News बिहार के अधिकांश भागों में मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे प्रदेश के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया है। ऐसे में लोगों को आंधी एवं बारिश से सावधान रहने की चेतावनी दी गई है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 03:39 PM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 03:39 PM (IST)
बिहारः कोरोना के बीच मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, बारिश के साथ आंधी कर सकती है परेशान
बिहार के अधिकांश जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी परेशान कर सकती है। प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, पटना: पंजाब से लेकर सिक्किम तक ट्रफ लाइन बनने के कारण वर्तमान समय में प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। इस तरह की स्थिति राज्य के अधिकांश हिस्सों में 13 मई तक बने रहने की उम्मीद है। सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश मोतिहारी एवं लखीसराय में दर्ज की गई। वहां 50 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं हथुआ में 40 मिलीमीटर, चनपटिया, बगहा एवं किशनगंज में 30 मिमी बारिश हुई। प्रदेश के आकाश में 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवात बना हुआ है। इसका प्रभाव वातावरण पर पड़ रहा है। चक्रवात के कारण मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे प्रदेश के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया है। ऐसे में लोगों को आंधी एवं बारिश से सावधान रहने की चेतावनी दी गई है। मंगलवार को कभी धूप तो कभी छांव रही। राजधानी पटना में दोपहर बाद तेज धूप निकली। 

मौसम को लेकर सावधान रहें

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है प्रदेश के मौसम में बदलाव जारी रहेगा। बारिश के साथ-साथ तेज आंधी भी चल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है ताकि लोग मौसम को लेकर सावधान रहें। विशेष रूप से मेघ गर्जन के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर छिपना बहुत जरूरी है। खुले में खेतों में रहना सुरक्षित नहीं है। कई बार पेड़ों पर बिजली गिरने से लोग उसकी  चपेट में आ जाते हैं। 

सोमवार को बदला रहा मौसम का मिजाज

इसके पहले सोमवार को राजधानी में दिनभर मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह में शहर का आकाश काले बादलों से पट गया। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और तीखी धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। राजधानी में अधिकतम तापमान 35.4 एवं न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी की हवा में 71 फीसद नमी दर्ज की गई। 

chat bot
आपका साथी