Bihar Weather Forecast: बिहार में मौसम विभाग का ब्‍लू अलर्ट; पटना सहित जगह-जगह बारिश, कई जगह वज्रपात की आशंका

Bihar Weather Forecast बिहार में मानसून की एंट्री हो चुकी है। मौसम विभाग ने इसे लेकर ब्‍लू अलर्ट जारी किया है। बिहार में अगले पांच दिनों तक बारिश हाेगी। मानसून को यास तूफान ने भी बल दिया है। मानसून मंगलवार को दिल्ली तक पहुंच जाएगा।

By Amit AlokEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 07:55 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 01:19 PM (IST)
Bihar Weather Forecast: बिहार में मौसम विभाग का ब्‍लू अलर्ट; पटना सहित जगह-जगह बारिश, कई जगह वज्रपात की आशंका
बिहार में मानसून की बारिश। फाइल तस्‍वीरें।

पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Forecast बिहार के साथ अब मानसून की एंट्री (Entry of Monsoon) पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में भी हो गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) के कारण पटना सहित पूरे राज्‍य में जगह-जगह बारिश हो रही है। ऐसी स्थिति अगले पांच दिनों तक बनी रह सकती है। इस बीच मौसम विभाग ने पूरे बिहार के लिए ब्लू अलर्ट जारी किया है। मतलब यह कि तेज हवा के साथ 15 से 40 मिली तक बारिश हो सकती है। पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, जमुई और बांका में वज्रपात की भी आशंका है। हाल ही में तूफान 'यास' (Yaas Cyclone) के आने से मानसून को काफी बल मिल रहा है। वातावरण में पहले से छाई नमी मानसून को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो रही है। आगे मानसून मंगलवार को दिल्ली (Delhi) पहुंच सकता है।

12 साल बाद दिखी मानसून की ऐसी सक्रियता

सामान्‍यत: मानसून का प्रभाव एक से दो दिन बाद बिहार में दिखता था, लेकिन इस बार मानसून पश्चिम बंगाल के बागडोरा से झारखंड होते हुए करीब 12 सौ किलोमीटर की दूरी एक दिन के अंदर ही तय कर बिहार के दरभंगा पहुंच गया। मानसून का दूसरा भाग गोपालगंज की ओर मुड़ गया। यह पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय हो गया। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की इतनी सक्रियता करीब 12 साल बाद दिखी है। पटना पर भी इसका असर शुरू से ही दिख रहा है। इससे पहले बिहार में प्रवेश करने के चार-पांच दिनों बाद मानसून का असर पटना में दिखाई देता था। बिहार में मानूसन एक रिंग की तरह बन गया है, जिसकी जद में गया है। पटना, नालंदा व मुजफ्फरपुर में इसका असर करीब 12 घंटे में दिखा। फिलहाल पटना सहित पूरे बिहार में जगह-जगह  बारिश हो रही है।

अगले पांच दिनों तक होती रहेगी बारिश

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा का कहना है कि बिहार में तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की उम्मीद है। उसके बाद भी दो दिनों तक बारिश जारी रहेगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि जून में राज्य में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटे में औसतन 11.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। जून में अबतक 62 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई, जबकि औसतन 45.7 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में मानसून सत्र के दौरान एक जून से 30 सितंबर के बीच करीब एक हजार मिली बारिश की संभावना है।

यास तूफान से भी मिला मानसून को बल

मौसम विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि राज्य में मानसून आने से पहले तूफान यास के आने से प्रदेश में मानसून को काफी बल मिल रहा है। फिलहाल बंगाल की खाड़ी से भी मानसून को काफी नमी मिल रही है।

वातावरण में पहले से छाई नमी के कारण मानसून को आगे बढ़ाने में बल मिल रहा है। मानसून सोमवार को उत्तर प्रदेश पहुंच जाएगा। मंगलवार को इसके दिल्ली पहुंच जाने की उम्मीद है।

क्या है मौसम विभाग का ब्लू अलर्ट, जानिए

भारी बारिया व वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने पूरे राज्‍य के लिए ब्‍लू अलर्ट जारी किया हे। ब्लू अलर्ट का अर्थ यह है कि बादल गरजने के साथ 15 से 40 मिली तक बारिश हो सकती है। इस दौरान 12 से 28 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती हैं। साथ ही अधिक आद्रर्ता के कारण उमस भरी गर्मी का भी प्रभाव रह सकता है।

chat bot
आपका साथी