Bihar Weather News: बिहार में कमजोर हुआ मानसून, कई जिलों के लिए येलो अलर्ट, अब आएगी नई समस्‍या

Bihar Weather Update सोमवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश नहीं हुई। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसके बावजूद लोगों को सावधान रहने की चेतावनी जारी की है। उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Tue, 13 Jul 2021 08:05 AM (IST) Updated:Tue, 13 Jul 2021 08:05 AM (IST)
Bihar Weather News: बिहार में कमजोर हुआ मानसून, कई जिलों के लिए येलो अलर्ट, अब आएगी नई समस्‍या
बिहार में कम हो गया मानसून का असर। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather News: बिहार में मानसून का असर पिछले दो दिनों से कम हो गया है। इसके कारण राज्‍य का मौसम फिलहाल काफी शुष्क हो गया है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश नहीं हुई। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसके बावजूद लोगों को सावधान रहने की चेतावनी जारी की है। उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि स्‍थानीय कारणों से राज्‍य के कुछ हिस्‍सों में बारिश, वज्रपात और मेघ गर्जन जैसी घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में सावधानी अब भी जरूरी है। हालांकि अब उत्‍तर बिहार की नदियों में जलस्‍तर घटने की संभावना है। इसका प्रमुख कारण है कि नेपाल में भी बारिश अब कम हो गई है। दूसरी तरफ बारिश थमते ही अब लोगों को उमस भरी गर्मी सताने लगी है।

राजस्‍थान से मध्‍य प्रदेश तक सक्रिय हुआ मानसून

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मानसून कमजोर होने के कारण फिलहाल राज्य का मौसम शुष्क हो गया है। वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान से लेकर मध्य भारत होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रहा है। फिलहाल गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं आंध्र प्रदेश में मानसून की बारिश हो रही है।

राजधानी में उमस ने छुड़ाया पसीना

राजधानी पटना में सोमवार को उमस ने खूब पसीना छुड़ाया। पिछले एक सप्ताह से मौसम ने अपना तेवर बदलना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे गर्मी बढ़ती गई। शाम को वातावरण में गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ थी कि लोग बेचैन हो गए। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस तरह की स्थिति 16 जुलाई तक बनी रहेगी। उसके बाद राज्य के मौसम में बदलाव हो सकता है।

जून में हुई है रिकार्ड बारिश

बिहार में जून महीने के दौरान रिकार्ड बारिश हुई है। औसत से काफी अधिक बारिश होने के कारण कई इलाकों में समय से पहले ही बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। फिलहाल गोपालगंज, चंपारण सहित उत्‍तर बिहार के कई जिलों में बाढ़ का असर है।

chat bot
आपका साथी