Bihar Weather Alert: दो दिनों तक नहीं होगी भारी बारिश, लेकिन मौसम के मिजाज का ठिकाना नहीं
मौसम विज्ञानियों ने कहा है कि बिहार में मानसून कमजोर पड़ चुका है। इस कारण राज्य में कहीं भी भारी बारिश के आसार दो दिनों तक नहीं हैं। ऐसे में उसम सताएगी। हालांकि विज्ञानियों ने कहा है कि मौसम का मिजाज कभी भी बदल सकता है।
पटना, जागरण संवाददाता। दक्षिण-पश्चिम मानसून (South Western Monsoon) फिलहाल काफी कमजोर पड़ चुका है। मानसून के कमजोर होने से अगले दो दिनों तक राज्य में भारी बारिश (Heavy Rain in Bihar) की कोई उम्मीद नहीं है। स्थानीय कारणों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। गुरुवार को भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश रिकार्ड की गई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि मानसून फिलहाल राज्य में काफी कमजोर पड़ चुका है। इस तरह की स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रहने की उम्मीद है। वर्तमान में झारखंड के ऊपर के एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। उससे दक्षिण बिहार के इलाके में कुछ बारिश हो सकती है। शेष प्रदेश का मौसम शुक्रवार को भी शुष्क रहेगा।मौसम विज्ञानियों का कहना है कि स्थानीय कारणों से प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।
कहीं-कहीं हो सकती है हल्की बारिश
राजधानी में उमस ने बढ़ाई परेशानी गुरुवार की सुबह से ही राजधानी के वातावरण में गर्मी बढ़ने लगी थी। दिन चढ़ने के साथ वातावरण में उमस बढ़ती गई। दोपहर बार वातावरण में उमस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि लोगों को पसीना छूटने लगा। तेज धूप से दोपहर में सड़क पर चलने में भी लोगाें को परेशानी हो रही थी। दोपहर में तो धूप इतनी तेज हो गई कि लोगों को जलन का एहसास होने लगा था। लोग छांव की तलाश में लगे रहे।
राजधानी में अभी सताएगी उमस भरी गर्मी
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राजधानी के वातावरण में उमस का कहर अभी जारी रहेगा। हालांकि मौसम विज्ञानियों का कहना है कि वर्तमान में किसी भी क्षेत्र का वातावरण मात्र तीन घंटे के अंदर ही बदल सकता है। वर्तमान में जिस जगह मौसम सामान्य दिखाई पड़ रहा है। वहां पर अगले तीन घंटे के अंदर मौसम बदल सकता है। वहां पर तेजी आंधी के साथ बारिश हो सकती है।