बिहार राजभवन की वेबसाइट पर आज भी ब्रिटिश राज, अंग्रेज गवर्नर याद रहे और आजादी के बाद वालों का पता नहीं

बिहार राजभवन की वेबसाइट पर आज भी अंग्रेजी राज याद रहे अंग्रेज गवर्नर देश के चेहरे गायब योगदान के बगैर ही प्रो. आरके सिंह का नाम कुलपति की सूची में दर्ज टर्म पूरा होने के बाद भी डा. करीम बने हुए हैं एकेयू के प्रतिकुलपति

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 02:03 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 02:03 PM (IST)
बिहार राजभवन की वेबसाइट पर आज भी ब्रिटिश राज, अंग्रेज गवर्नर याद रहे और आजादी के बाद वालों का पता नहीं
राजभवन की वेबसाइट का है ये हाल। स्‍क्रीनशाट

पटना, जयशंकर बिहारी। आजादी के बाद बिहार में कौन-कौन राज्यपाल हुए, इसकी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाएंगे तो सिर्फ दो भारतीयों के नाम उपलब्ध हैं। हां, ब्रिटिश शासन के नौ अंग्रेज गवर्नर की तस्वीर जरूर है। राजभवन पटना की वेबसाइट (www.governor.bih.nic.in) के होम पेज पर वर्तमान और 11 पूर्व गवर्नर के फोटो अपलोड हैं। इनमें से नौ ब्रिटिश शासन के हैं। आजादी के बाद अपने देश के सिर्फ डा. एआर किदवई और डा. जाकिर हुसैन की ही तस्वीर अपलोड है।

वेबसाइट से राज्य के प्रथम राज्यपाल जयराम दास दौलतराम, 16 अगस्त, 2015 से 21 जून, 2017 तक राज्यपाल रहे वर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द, केसरी नाथ त्रिपाठी, लालजी टंडन, सत्यपाल मलिक सहित 29 पूर्व राज्यपालों की तस्वीरें नहीं हैं। इस बाबत राजभवन के अधिकारियों से संपर्क किया गया तो आन रिकार्ड कुछ भी बोलने से इन्कार किया। इतना बताया कि वेबसाइट तैयार करने की जिम्मेवारी एनआइसी की है। सोमवार को इसमें सुधार कराया जाएगा।

वेबसाइट के कई कंटेंट इसी सप्ताह अपडेट भी किए गए हैं। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरके सिंह का नाम नोटिफिकेशन जारी होते ही अपलोड है, जबकि उन्होंने अभी तक विश्वविद्यालय में अपना योगदान नहीं दिया है। इसी विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार मल्लिक इस्तीफा स्वीकृत होने के बाद भी बने हुए हैं। आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति के रूप में डा. एसएम करीम का नाम दर्ज है, जबकि इनका कार्यकाल मई में ही पूरा हो चुका है। वे छह माह से विश्वविद्यालय नहीं जा रहे हैं।

पटना साइंस कालेज के प्राचार्य हैं डा. केसी सिन्हा

राजभवन की वेबसाइट पर कई और जानकारी अपडेट नहीं है। पटना साइंस कालेज के प्राचार्य पद से प्रो. केसी सिन्हा करीब दो साल पहले सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वे अभी नालंदा खुला विश्वविद्यालय के कुलपति और वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति हैं। वेबसाइट के अनुसार वर्तमान में वे साइंस कालेज के प्राचार्य बने हुए हैं। वाणिज्य महाविद्यालय का प्राचार्य प्रो. बीएन पांडेय को बताया गया है। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद प्रो. चंद्रमा सिंह प्राचार्य बने। वे भी सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

वर्तमान में वहां प्रो. एनके झा प्राचार्य हैं। पटना कालेज के प्राचार्य के रूप में डा. रामाशंकर आर्य का नाम दर्ज है, जबकि उनके पटना कालेज में दो प्राचार्य सेवा दे चुके हैं। मुंगेर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. श्यामा राय को जेडी वीमेंस कालेज का प्राचार्य भी बताया गया है। सूत्रों की मानें तो दो साल से कालेजों के संबंध में भी जानकारी अपडेट नहीं की गई है।

इनकी तस्वीर है अपलोड : सर थामस जार्ज रदफोर्ड, सर थामस अलेक्जेंडर स्टेवार्ट, सर राबर्ट फ्रांसिस मुडे, सर थामस गार्नियर हैलेट, सर जान टारल्टन वाइटी, सर जेम्स डेविड सिफ्टन, सर लैंडसडान स्टीफन, सर हफ डो, सर अलवर्ट गेट, भारतीय : डा. एआर किदवई तथा डा. जाकिर हुसैन

chat bot
आपका साथी