Bihar Politics: जदयू में परिवर्तन पर सगुन और निर्गुण भाव के साथ सामने आ रहे दिग्गज नेता

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ललन सिंह की ताजपोशी के बाद जदयू के दिग्गज सगुन और निर्गुण भाव के साथ इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर सामने आए। बता दें कि एक दिन पहले शनिवार को ललन को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 04:20 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 04:20 PM (IST)
Bihar Politics: जदयू में परिवर्तन पर सगुन और निर्गुण भाव के साथ सामने आ रहे दिग्गज नेता
जनत दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना। परिवर्तन सृष्टि का नियम है। जो होगा अच्छा ही होगा और जो हो रहा वह भी अच्छा। कुछ इसी अंदाज में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ललन सिंह की ताजपोशी के बाद जदयू के दिग्गज सगुन और निर्गुण भाव के साथ इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर सामने आए।

आरसीपी सिंह की भावना को समझिए

जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा-दल हो या जीवन हमारी और आपकी भूमिकाएं समय-समय पर बदलती रहती हैं। जदयू मेरे लिए पार्टी मात्र नहीं बल्कि यह जीवन का पर्याय बन चुका है। सुबह उठने से लेकर रात सोने तक मेरी हर सांस पार्टी और पार्टी के साथियों के साथ जुड़ी होती है। मेरे अजीज साथी ललन बाबू को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई।

उपेंद्र कुशवाहा को विश्वास जदयू जल्द नई ऊंचाइयों को छुएगा

जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर कहा कि आशा नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि ललन सिंह के नेतृृत्व में जल्द नई ऊंचाईयों को छुएगा जदयू।

सगुन भाव में संजय झा ने लिखा संगठन को नया विस्तार मिलेगा

सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने सगुन भाव में लिखा-मुझे विश्वास है कि ललन सिंह के सक्षम नेतृत्व में पार्टी के संगठन को नया विस्तार मिलेगा। 

अशोक चौधरी ने लिखा कार्यकर्ताओं को नई गति देंगे ललन सिंह

भवन निर्माण मंत्री ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा- आपकी कर्तव्यनिष्ठा, संगठन में दायित्वों के प्रति आपकी प्रतिबद्धता पार्टी और कार्यकर्ताओं को नयी गति देने का काम करेगा। 

बता दें कि एक दिन पहले शनिवार को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को बनाया गया है। इसी के साथ आरसीपी सिंह ने पार्टी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया। ललन मुंगेर से लोकसभा सदस्य हैं। पार्टी प्रेसिंडेंट बनने के लिए कई नामों पर कयास लगाए जा रहे थे लेकिन ललन को ही अंत में जदयू की कमान सौंपी गई। 

chat bot
आपका साथी