Bihar Politics: मंत्री नीरज बबलू ने की घोषणा, अररिया के हिंगला आरोही रेणु वन में बनेगा मंकी पार्क
बिहार सरकार के पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि अररिया जिले के हिंगला ओराही में 10 एकड़ जमीन पर मंकी पार्क बनाया जाएगा। पार्क में फलदार पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही तुतला भवानी जलप्रपात का भी सुंदरीकरण किया जाएगा।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू (Minister Niraj Kumar Singh Bablu) ने कहा कि अररिया जिले के हिंगला आरोही में 10 एकड़ जमीन पर मंकी पार्क (Monkey Park) बनाया जाएगा। पार्क में फलदार पौधे लगाए जाएंगे। यह पार्क बिहार ही नहीं देश के लिए अनूठा पार्क होगा। पार्क को महान साहित्यकार फणिश्वरनाथ रेणु (Phanishwarnath Renu) के नाम पर रेणु वन होगा। नीरज शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सहयोग कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान मंत्री ने उपचुनाव में राजग की जीत तय बताई। कांग्रेस एवं राजद पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी के पास काम ही नहीं है।
तुतला भवानी के फॉल का कराया जाएगा सुंदरीकरण
उन्होंने कहा कि बिहार में इको टूरिज्म को बढ़ावा के लिए रोहतास जिले के तुतला भवानी के फाल का सुंदरीकरण कराया जाएगा। वहां नई सुविधाएं दी जाएंगी। वहीं वाल्मीकिनगर में कई काम चल रहे है वाल्मीकिनगर के विकास के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) तत्पर हैं। शीघ्र ही वाल्मीकिनगर में कैबिनेट (Cabinet Meeting in Valmikinagar) की बैठक होगी। इसकी तैयारी चल रही है।
कांग्रेस लड़ रही अस्तित्व की लड़ाई
पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रही है। रिजेक्ट नेताओं को उप चुनाव के प्रचार में लाने से सफलता नहीं मिलेगी। बिहार की जनता एकजुट है। उप चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जीत तय है। मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) पर भी कटाक्ष किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पास काम नहीं है। इसलिए वे छली पकड़ने का फैशन-शो कर रहे हैं। उन्हें विधानसभा भवन के शताब्दी समारोह और राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के कार्यक्रम में उपस्थित रहना चाहिए था। संवैधानिक पद पर रहते हुए इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।