Bihar Politics: जानें कौन हैं लोजपा के पांच बागी सांसद और लोजपा संसदीय दल के नए नेता पशुपति पारस

लोजपा के तख्‍ता पलट के साथ ही बागी सांसदों के जदयू में शामिल होने की अटकलें तेज हैं। इन अटकलों को और भी बल मिला जब जदयू सांसद ललन सिंह ने दिल्‍ली में लोजपा के पांच सांसदों से मुलाकात की। जदयू के दो और नेता दिल्‍ली में डेरा हुए हैं

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 09:57 AM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 10:39 AM (IST)
Bihar Politics: जानें कौन हैं लोजपा के पांच बागी सांसद और लोजपा संसदीय दल के नए नेता पशुपति पारस
पशुपति पारस, लोजपा का चुनाव चिन्‍ह और चिराग पासवान की तस्‍वीर ।

पटना, राज्‍य ब्‍यूरो। जदयू के वरिष्ठ नेता एवं सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने सोमवार को दोपहर के भोज में वैशाली की लोजपा सांसद वीणा देवी के दिल्ली स्थित आवास पर पांचों सांसदों के साथ मुलाकात की। इससे जदयू में लोजपा के सांसदों के शामिल होने की अटकलें भी लगाई जाने लगी हैं। वहीं बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी और जदयू एमएलसी संजय सिंह ने भी दिल्ली में डेरा डाल दिया है।

सांसद ललन सिंह ने लोजपा संसदीय दल के नेता बनाए गए पशुपति कुमार पारस, उप नेता चौधरी महबूब अली कैसर, मुख्य सचेतक चंदन सिंह, प्रिंस राज एवं वीणा देवी के साथ राजनीतिक हालात पर चर्चा की। ललन सिंह और सांसदों के बीच अंदरखाने में क्या बातें हुईं, इस पर तमाम तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।

लोजपा के पांच सांसदों का प्रोफाइल

पशुपति कुमार पारस (हाजीपुर के सांसद) : लोजपा के संस्थापक रामवलिास पासवान के भाई हैं। पारस सांसद चुने जाने से पहले राज्यपाल कोटे से विधान पार्षद थे और नीतीश सरकार में पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री थे। वे 1977 से अलौली विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रहे हैं।  

चौधरी महबूब अली कैसर  (खगडिय़ा के सांसद) : रामविलास पासवान के करीबी रहे कैसर 2014 में खगडिय़ा लोकसभा क्षेत्र से पहली बार निर्वाचित हुए थे। उससे पहले कांग्रेस के टिकट पर सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में बनी राजद-कांग्रेस की सरकार मंत्री भी रहे हैं।

वीणा देवी (वैशाली की सांसद) :  सांसद बनने से पहले गायघाट से एक बार विधायक रह चुकी है। इनके पति दिनेश प्रसाद सिंह विधान परिषद के सदस्य हैं।

प्रिंस राज (समस्तीपुर के सांसद) : 31 वर्षीय प्रिंस राज रामविलास पासवान और सांसद पशुपति कुमार पारस के छोटे भाई पूर्व सांसद रामचंद्र पासवान के पुत्र हैं। प्रिंस पहली बार सांसद बने हैं और प्रदेश लोजपा के अध्यक्ष हैं।

चंदन सिंह (नवादा के सांसद) : पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के छोटे भाई चंदन सिंह पहली बार नवादा से सांसद चुने गए हैं। उनकी भाभी वीणा देवी भी मुंगेर से सांसद रह चुकी हैं।

chat bot
आपका साथी