बिहारः ललन सिंह बोले- जगदानंद ने किया अपमान, राजद अध्यक्ष का जवाब- यह मेरे संस्कार में नहीं

ललन सिंह ने जगदानंद के खिलाफ दूसरे दिन भी हमला जारी रखा। उन्होंने कहा कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष के मन में कृतज्ञता का भाव नहीं है। वे इतने कृतघ्न हैं कि अपनी सेवादारी के नशे में नीतीश के साथ-साथ उनके दिवंगत पिताजी को अपमानित कर रहे हैं।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 05:23 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 05:23 PM (IST)
बिहारः ललन सिंह बोले- जगदानंद ने किया अपमान, राजद अध्यक्ष का जवाब- यह मेरे संस्कार में नहीं
राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने राजद अध्यक्ष जगदानंद के खिलाफ दूसरे दिन भी हमला जारी रखा। बुधवार को उन्होंने कहा कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष के मन में कृतज्ञता का भाव नहीं है। वे इतने कृतघ्न हैं कि अपनी सेवादारी के नशे में हमलोगों के नेता नीतीश कुमार के साथ-साथ उनके दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी पिताजी को भी छद्म राजनीति में घसीटकर अपमानित कर रहे हैं। उन्हें आत्मचिंतन की जरूरत है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जगदानंद को उन दिनों की याद दिलाई जब वे चुनावी राजनीति में आए थे।

ललन ने जगदानंद को संबोधित ट्वीट में लिखा है-स्मरण कीजिए। 1985 में आपके बदले स्व. सच्चिदा बाबू (पूर्व मंत्री एवं समाजवादी नेता सच्चिदानंद सिंह) के सुपुत्र को टिकट मिल चुका था। आप गिड़गिड़ा रहे थे। तब आपके लिए हम लोगों ने जननायक कर्पूरी ठाकुर जी से मिलकर अनुनय-विनय किया था। आप उम्मीदवार बने थे। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जगदानंद सिंह खुद को ईमानदार बताते हैं। सच यह नहीं है। उन्होंने भी सत्ता का दुरुपयोग किया है। समय आने पर हम प्रमाण के साथ इसे बताएंगे। जहां तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सवाल है तो पूरा देश जानता है कि वह किस तरह बिहार जैसे पिछड़े राज्य के विकास के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। 

पिता का अपमान नहीं किया: जगदानंद

इधर जगदानंद सिंह ने बातचीत में कहा कि किसी का अपमान करना उनके संस्कार में नहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के दिवंगत पिता के बारे में कुछ भी अपमानजनक नहीं कहा। सवाल यह पूछा जा रहा था कि चुनाव में किसके घन से राजद का हेलीकाप्टर उड़ रहा था। मैने कहा कि राजद का एक हेलीकाप्टर उड़ रहा था। उसके धन का स्रोत पूछा जा रहा है। उनके (जदयू के) तो 13 हेलीकाप्टर उड़ रहे थे। पुड़िया में बंधे धन से मेरा आशय यह पूछना था कि क्या नीतीश कुमार पारिवारिक संपत्ति से चुनावी खर्च कर रहे हैं। 

chat bot
आपका साथी