Bihar Politics: ललन ने बिना नाम लिए तेजस्वी पर किया हमला, बोले-स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा नीतीश का नाम

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा है कि आने वाले समय में नीतीश कुमार का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने बिना नाम लिए हुए कहा कि नौवीं पास लोग रोजगार की बात करते हैं।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 04:32 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 04:32 PM (IST)
Bihar Politics: ललन ने बिना नाम लिए तेजस्वी पर किया हमला, बोले-स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा नीतीश का नाम
बिहार सीएम नीतीश कुमार, जदयू अध्यक्ष ललन सिंह, राजद विधायक तेजस्वी यादव। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव का बिना नाम लिए कहा कि महज नौवीं पास लोग बिहार में रोजगार की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में अभी तक लोगों को कितना रोजगार दिया गया है, इसका आंकड़ा एक बार निकालकर देख लें। उन्होंने राज्य में कानून का राज स्थापित करने के लिए नीतीश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि आजादी के बाद 58 सालों में बिहार में जितने काम हुए, उससे अधिक काम नीतीश कुमार ने 15 सालों में कर दिखाया है। 58 और 15 साल के विकास को तराजू पर रखेंगे तो नीतीश कुमार का कार्यकाल भारी रहेगा। आने वाले समय में नीतीश कुमार का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। ललन सिंह सोमवार को पार्टी मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व विधान पार्षद विनोद कुमार सिंह लोजपा  छोड़कर अपने समर्थकों के साथ जदयू में शामिल हुए। 

कार्यकर्ता अभी से समर्पित होकर जुट जाएं

ललन सिंह ने नीतीश कुमार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि 2005 से पहले की सरकार में अपहरण उद्योग चलता था। तब महज 53 हजार शिक्षकों की बहाली हुई थी, जबकि नीतीश कुमार ने तीन लाख 49 हजार शिक्षकों की बहाली की। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य 2024 का लोकसभा और 2025 का विधानसभा चुनाव है। इसकी तैयारियों को लेकर सभी नेता और कार्यकर्ता अभी से समर्पित होकर जुट जाएं। पार्टी की मजबूती व संगठन विस्तार के लिए निरंतर कार्य करें। हर गांव में दस कार्यकर्ताओं की टीम बनेगी और उसका नाम व मोबाइल नंबर पार्टी मुख्यालय में रहेगा।

विनोद के आने से मजबूत होगी पार्टी

जल संसाधन एवं सूचना और जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने कहा कि विनोद सिंह पहले भी पार्टी में थे और मिथिला में पार्टी के विस्तार और संगठन को सशक्त करने के काम में जुटे थे। इनकी घर वापसी से पार्टी और मजबूत होगी। इस मौके पर भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार, विधान पार्षद संजय सिंह समेत अन्य नेता मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। प्रदेश उपाध्यक्ष व जदयू मुख्यालय के प्रभारी डा. नवीन कुमार आर्या ने कार्यक्रम का संचालन किया। 

chat bot
आपका साथी