बिहार मुखिया चुनाव रिजल्ट: सामने आया एक और रोचक किस्सा, जेठानी और देवरानी में फंसा मामला

मुख्य मुकाबला देवरानी और जेठानी के बीच में था। शनिवार को हुई मतगणना में जेठानी राजकुमारी देवी और देवरानी कुंजल देवी को बराबर मत हासिल हुए। दोबारा गिनती के बाद भी नतीजा जब वही आया तो लाटरी निकालकर जीत-हार का फैसला हुआ

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 04:52 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 01:54 PM (IST)
बिहार मुखिया चुनाव रिजल्ट: सामने आया एक और रोचक किस्सा, जेठानी और देवरानी में फंसा मामला
राजकुमारी देवी और विजेता कुंजला देवी। जागरण।

संवाद सहयोगी, चौसा (बक्सर): पंचायत चुनाव के अंगना में सियासत के कई रोचक किस्से देखने-सुनने को मिल रहे हैं। मामला चौसा प्रखंड के पलिया पंचायत के वार्ड आठ में वार्ड सदस्य पद के चुनाव का है। यहां मुख्य मुकाबला देवरानी और जेठानी के बीच में था। शनिवार को हुई मतगणना में जेठानी राजकुमारी देवी और देवरानी कुंजल देवी को बराबर मत हासिल हुए। दोबारा गिनती के बाद भी नतीजा जब वही आया तो लाटरी निकालकर जीत-हार का फैसला हुआ और किस्मत ने देवरानी का साथ दिया।

देवरानी और जेठानी समेत कुल चार उम्मीदवार मैदान में

चुनाव प्रचार  में दोनों प्रत्याशियों के पति सहोदर भाइयों ने अपनी पत्नी को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। मुकाबला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ था। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी मो. असलम ने बताया कि पलिया पंचायत के वार्ड नं 8 में देवरानी और जेठानी समेत कुल चार उम्मीदवार मैदान में थे। मतगणना शुक्रवार की देर रात संपन्न हुई, जिसमें राज कुमारी देवी व कुंजल देवी को सौ-सौ मत हासिल हुए। फैसले के लिए प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी पास मामले को लाया गया। रात ज्यादा होने के कारण दूसरे दिन लॉटरी निकालने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देकर दोनों को घर भेज दिया गया।

सामने आए कई रोचक परिणाम

शनिवार को दोनों घर से पूजा-पाठ करके मतगणना स्थल पर पहुंचीं। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष दोनो के नाम से बैलेट में दो नाम की पर्ची डाली गई और किसी तीसरे को बुलाकर एक पर्ची निकलवाई गई, जिसमे देवरानी कुंजल देवी का नाम बाहर आया और उन्हें विजेता घोषित कर दिया गया। उसी तरह डिहरी के वार्ड दो में भी अदिता देवी व गुड़िया देवी का मत 149-149 आ गया। जिनकी भी लॉटरी निकाली गई। लॉटरी अदिता देवी के पक्ष में आया। जिन्हें विजयी घोषित कर प्रमाण पत्र निर्गत किया गया। 

chat bot
आपका साथी