बिहार पंचायत चुनाव 2021: पटना में बिना चुनाव लड़े 116 महिलाएं और 60 पुरुष बने पंच
Bihar Panchayat Election 2021 बिहार पंचायत चुनाव में निर्विरोध जीतने का सिलसिला जारी है। पटना के नौबतपुर और बिक्रम प्रखंड में 116 महिलाएं और 60 पुरुष पंच बन गए हैं। नौबतपुर प्रखंड में बिना चुनाव लड़े ही 61 महिलाएं और 35 पुरुष उम्मीदवार पंच चुन लिए गए।
जागरण संवाददाता, पटना : बिहार पंचायत चुनाव में निर्विरोध जीतने का सिलसिला जारी है। पटना के नौबतपुर और बिक्रम प्रखंड में 116 महिलाएं और 60 पुरुष पंच बन गए हैं। नौबतपुर प्रखंड में बिना चुनाव लड़े ही 61 महिलाएं और 35 पुरुष उम्मीदवार पंच चुन लिए गए। वार्ड सदस्य पद पर भी दो महिला और एक पुरुष उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिया गया है। कोई प्रतिद्वंदी उम्मीदवार नहीं होने के कारण 99 प्रतिनिधि निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। यहां आठ अक्टूबर को 19 पंचायतों में त्रिस्तरीय पंचायती राज के लिए मतदान होगा। पंचायती राज के विभिन्न पदों के लिए चुनावी दंगल में 1753 उम्मीदवार रह गए हैं। नौबतपुर प्रखंड में मुखिया और सरपंच के 19-19 पद हैं। जिला परिषद सदस्य पद के लिए तीन, पंचायत समिति सदस्य के 25 और वार्ड सदस्य के 147 पदों में तीन पर निर्विरोध चुनाव हो गया है। पंच के लिए 147 पदों में 96 पर निर्विरोध चुनाव हो गया। मात्र 51 पदों के लिए मतदान होगा। इसी तरह बिक्रम प्रखंड में 55 महिलाएं और 25 पुरुष निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
पद और महिला-पुरुष उम्मीदवारों की संख्या
पद नाम - पुरूष - महिलाएं
पंचायत समिति सदस्य - 74 - 63
मुखिया - 68 - 68
सरपंच - 65 - 54
वार्ड सदस्य - 483 - 533
पंच - 134 - 211
बिक्रम में 86 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित
संसू, बिक्रम : पंचायत चुनाव को लेकर प्रखंड में सोमवार को नाम वापसी के बाद विभिन्न पदों के लिए 86 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इसमें पंच पद के लिए 80, जिसमें 55 महिलाएं और 25 पुरुष तथा वार्ड सदस्य के छह में से दो पुरुष व 4 महिलाएं शामिल हैं। अब पांच पदों के लिए कुल 1408 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि चुनाव मैदान में मुखिया पद पर 91, सरपंच पद के लिए 79, पंचायत समिति पद के लिए 131, वार्ड सदस्य 808 एवं पंच पद पर 299 प्रत्याशी मैदान में हैं। पंचायत समिति पद के लिए अख्तियारपुर - मंझौली पंचायत में क्षेत्र संख्या 20 से सबसे अधिक कुल 17 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। यहां चुनाव में दो ईवीएम की आवश्यकता पड़ेगी। चुनाव को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था की जा रही है।