बिहार पंचायत चुनाव 2021: गोपालगंज में प्रत्याशियोंं के समर्थक भिड़े, मारपीट व फायरिंग में पूर्व मुखिया घायल

Bihar Panchayat Chunav 2021 बिहार के गोपालगंज में पंचायत चुनाव के प्रचार के दौरान दो मुखिया प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए।इस दौरान मारपीट और फायरिंग भी की गई। मारपीट में पूर्व मुखिया को काफी चोटें आईं हैं।

By Rahul KumarEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 05:42 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 05:42 PM (IST)
बिहार पंचायत चुनाव 2021: गोपालगंज में प्रत्याशियोंं के समर्थक भिड़े, मारपीट व फायरिंग में पूर्व मुखिया घायल
गोपालगंज में मारपीट के बाद घायल पूर्व मुखिया को हथुआ अस्पताल में लेकर जाते लोग। जागरण

 हथुआ (गोपालगंज),संवाद सहयोगी। Bihar Panchayat Chunav 2021 गोपालगंज के हथुआ थाना क्षेत्र के चैनपुर दक्षिण टोला में प्रचार के दौरान दो मुखिया प्रत्याशी के पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान लाठी डंडा व राड से मारपीट कर एक प्रत्याशी के भाई पूर्व मुखिया का हाथ पैर तोड़ दिया गया। फायरिंग भी की गई। घटना के बाद घायल को लोग अनुमंडलीय अस्पताल हथुआ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल को सिवान रेफर कर दिया। इस घटना की सूचना मिलने पर दल बल के साथ हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक कट्टा, एक देसी पिस्तौल तथा तीन कारतूस बरामद किया है। घटना के बाद चैनपुर में तनाव व्याप्त हो गया है। पुलिस मौके पर कैंप कर रही है।

नारेबाजी के बाद हुई मारपीट 

हथुआ प्रखंड की चैनपुर पंचायत में चैनपुर गांव निवासी भाजपा नेता स्वर्गीय कृष्ण शाही की बहन मुखिया पद पर चुनाव लड़ रही हैं। चैनपुर गांव के दक्षिण टोला निवासी यशवंत राय की मां भी इसी पंचायत से मुखिया पद पर चुनाव लड़ रही हैैं। मंगलवार की सुबह दस बजे के करीब स्वर्गीय कृष्ण शाही के भाई पूर्व मुखिया उमेश शाही समर्थकों के साथ दक्षिण टोला में अपनी बहन का प्रचार करते हुए यशवंत राय के घर के पास पहुंच गए। समर्थक प्रत्याशी के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। जिससे दोनों पक्ष में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। मारपीट के दौरान उमेश शाही के समर्थक भाग गए। समर्थकों के भाग जाने के बाद लाठी-डंडा व राड  से मारपीट कर उमेश शाही का हाथ पैर तोड़कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने घायल की हालत गंभीर देख स्वजनों के कहने पर सिवान रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एसडीपीओ हथुआ नरेश कुमार ने मामले की जांच पड़ताल किया। पुलिस ने घटनास्थल के पास एक कट्टा, एक देसी पिस्तौल तथा तीन कारतूस बरामद किया है। इस घटना के बाद चैनपुर में तनाव को देखते हुए पुलिस मौके पर कैंप कर रही है।  समर्थकों ने घायल उमेश शाही के पैर में गोली लगने की बात कही है। इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीपीओ हथुआ ने बताया कि प्रचार के दौरान दो पक्ष मेंं मारपीट हुई है। घायल के स्वजनों ने उन्हें गोली लगने की बात बताई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

chat bot
आपका साथी