Bihar News: गोपालगंज में हाईवे पर ट्रक ने पूजा में शामिल सात को रौंदा, दो महिलाओं की मौत- पांच गंभीर

गोपालगंज में सोमवार की रात स्टेट हाईवे-90 पर एक ट्रक ने मटकोर का रस्म कर रहीं सात महिलाओं को रौंद दिया। इससे मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई तथा पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 06:29 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 06:29 PM (IST)
Bihar News: गोपालगंज में हाईवे पर ट्रक ने पूजा में शामिल सात को रौंदा, दो महिलाओं की मौत- पांच गंभीर
महम्मदपुर थाना क्षेत्र के बहदुरा गांव के समीप हुए हादसे में मृत के गमगीन स्वजन।

गोपालगंज, जेएनएन। महम्मदपुर थाना  क्षेत्र के बहदुरा गांव के समीप सोमवार की रात स्टेट हाईवे-90 पर एक ट्रक ने मटकोर की रस्म कर रहीं सात महिलाओं को रौंद दिया। इससे मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई तथा पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस के काफी समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। हादसे के बाद ट्रक सहित चालक फरार हो गया। पुलिस ट्रक चालक के बारे में पता लगा रही है।

बताया जाता है कि बहदुरा गांव निवासी सिपाही प्रसाद की पुत्री ज्योति कुमारी की शादी सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के कुतुब छपरा (पुरैना) गांव निवासी रामेश्वर प्रसाद कुशवाहा के पुत्र राजन कुमार के साथ तय हुई। सिपाही प्रसाद के यहां मंगलवार को बारात आनी थी। सोमवार की रात ज्योति कुमारी के मटकोर का रस्म अदा करने घर से बाहर एसएच 90 के किनारे महिलाएं गई थीं। इसी दौरान तेज गति से जा रहे एक ट्रक ने एक किशोरी सहित महिलाओं को रौंद दिया। इससे मौके पर ही बहदुरा गांव निवासी मुकेश साह की 32 वर्षीय पत्नी ऊषा देवी तथा सिधवलिया प्रखंड के सलेमपुर गांव निवासी उमेश प्रसाद की 45 वर्षीय पत्नी दुर्गावती देवी की मौत हो गई तथा कलावती देवी, मालती देवी, कबूतरी देवी, शिवानी कुमारी, मुन्नी देवी व कृष्णावती देवी घायल हो गईं। इस हादसे के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई।

शादी की खुशी गम में बदली

शादी की खुशी गम में बदल गई, चीख पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। इसी बीच सूचना मिलने पर महम्मदपुर थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा कर उन्हें शांत करा दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायल महिलाओं को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया। बताया जाता है कि महिलाओं को रौंदने के बाद ट्रक सहित चालक फरार हो गया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

मृतक के स्वजन को मिलेगा चार लाख रुपये का मुआवजा 

हादसे में दो महिलाओं की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक महिलाओं के स्वजन को मुआवजा देने तथा ट्रक चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। बाद में मौके पर पहुंचे सिधवलिया प्रखंड विकास पदाधिकारी अभ्युदय तथा अंचल पदाधिकारी उमेश नारायण पर्वत ने आपदा विभाग की तरफ से हादसे में मारी गई ऊषा देवी के स्वजन को चार लाख रुपये का मुआवजा देने का आश्वासन दिया। 

भतीजी के शादी समारोह में शामिल होने आई थीं दुर्गावती

सिधवलिया प्रखंड के सलेमपुर गांव निवासी उमेश प्रसाद की पत्नी दुर्गावती देवी अपनी भतीजी के शादी समारोह में शामिल होने अपनी दस वर्षीय पुत्री कुसुम कुमारी के साथ मायके महमदपुर थाना क्षेत्र के बहदुरा गांव में आई थीं। महिलाओं के साथ मटकोर करने वह भी सड़क किनारे गई थीं। इस दौरान एक ट्रक ने सात महिलाओं को रौंद दिया। इस हादसे में दुर्गावती देवी की भी मौत हो गई। बताया जाता है कि हादसे की शिकार बनीं दुर्गावती देवी के पति उमेश प्रसाद तथा पुत्र अखिलेश कुमार दुबई में मजदूरी करते हैं। 

ऊषा देवी की मौत से तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे में मारी गई बहदुरा गांव निवासी ऊषा देवी के पति मुकेश साह तथा उनके तीन बच्चे 12 वर्षीय अंकित कुमार, दस वर्षीय अमित कुमार तथा आठ वर्षीय अनुराज कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके आंसू थम नहीं रहे हैं। सबसे बड़ा पुत्र अमित टेक्नवास स्थित हाई स्कूल में दसवीं का छात्र है। अंकित छह व अनुराज चौथी कक्षा का छात्र है। ये दोनों गांव के ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पढ़ाई करते हैं। ऊषा देवी के पति मुकेश साह बाजार में सब्जी बेच कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। 

chat bot
आपका साथी