बिहारः खेत में रेंगते अजगर को लोगों ने पकड़ तो लिया, उठाने में छूट गया पसीना; देखें वीडियो
सिवान में रविवार को अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में चर्चा आग की तरह एक गांव से दूसरे गांव तक फैल गई। सक्रियता दिखा स्थानीय लोगों ने अजगर को पकड़ तो लिया पर उसे उठाने में हालत खराब हो गई।
जागरण टीम, सिवान। बिहार के सिवान में रविवार को अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में चर्चा आग की तरह एक गांव से दूसरे गांव तक फैल गई। सक्रियता दिखा स्थानीय लोगों ने अजगर को पकड़ तो लिया पर उसे उठाने में हालत खराब हो गई। लगभग 50 से 60 किलो के अजगर को डंडे के सहारे चार से पांच लोगों को उठाना पड़ा। बाद में अजगर को वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया। घटना रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के गभीरार गांव के गोगरा तटबंध किनारे की है।
बिहार के सिवान में अजगर को लोगों ने पकड़ तो लिया पर उठाने में पसीने छूट गए। pic.twitter.com/M8JasAHYCY— Akshay Pandey (@akshay019) April 18, 2021
शोर मचाने पर जुटे स्थानीय लोग
दरअसल, रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के गभीरार गांव के गोगरा तटबंध किनारे रविवार की दोपहर एक अजगर को देख लोगों में हड़कंप मच गया। गेहूं की कटनी में लगे मजदूरों के शोर मचाने के बाद खेत में काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने रहुनाथपुर थाने की पुलिस सहित वन विभाग को सूचित किया, लेकिन काफी देर तक जब कोई पदाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो लोगों ने खुद अजगर को हटाने की सोची। कुछ सपेरों को बुला कर उसे बांस बल्ली में रस्सी के सहारे बांधकर एक जगह ले जाकर रख दिया और पदाधिकारियों के आने का इंतजार करने लगे।
वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर किया वायरल
स्थानीय लोगों के अनुसार अजगर 60 किलो से ज्यादा वजन का था। वहीं कुछ लोगों ने अजगर पकड़े जाने का वीडियो बना लिया, और उसे वायरल कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि अजगर को कुछ लोग बांस में रस्सी के सहारे उठा कर कहीं ले जा रहे हैं। बाद में वन विभाग की टीम अजगर को ले गई, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।