बिहारः नालंदा में खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग, एक परिवार के 5 लोग झुलसे

सोहसराय थाना क्षेत्र के संगत पर मोहल्ले में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 02:42 PM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 02:42 PM (IST)
बिहारः नालंदा में खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग, एक परिवार के 5 लोग झुलसे
नालंदा में आग लगने से पांच लोग झुलस गए। प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ: बिहार के नालंदा जिले में सोमवार की दोपहर बड़ी घटना हुई। सोहसराय थाना क्षेत्र के संगत पर मोहल्ले में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए। गंभीर रूप से घायल सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पड़ताल करने पहुंची। घायलों की पहचान संजीत कुमार, पत्नी खुशबू कुमारी, बेटी कुसुम कुमारी, बेटा सिद्धांत कुमार और खुशबू की सास के रूप में हुई है। 

घटना को लेकर स्वजनों ने बताया कि सोमवार की दोपहर खुशबू देवी किचन में खाना बना रही थीं। खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। इसके पहले कि वे कुछ समझ पातीं आग तेजी से अन्य कमरों में फैलने लगी। आग ने खुशबू देवी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह बुरी तरह से झुलस गईं। वहीं किचन के बाहर अन्य कमरों रह रहीं खुशबू देवी की सास, पति संजीत कुमार, चार साल की पुत्री कुसुम कुमारी एवं आठ साल का पुत्र सिद्धांत कुमार भी आग में झुलस गया। किसी तरह से खुशबू देवी के पति संजीत कुमार ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद सभी पीड़ितों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। बता दें कि संजीत कुमार खुद गैस वेंडर का काम करता है। थानाध्यक्ष श्याम किशोर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

chat bot
आपका साथी