Hathua Election News: हथुआ सीट पर जदयू और राजद में सीधा मुकाबला, लोजपा बना रही तीसरा कोण, 55.60 फीसद हुआ मतदान

Hathua Election News 2020 हथुआ विधानसभा सीट पर जदयू के रामसेवक सिंह एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने राजद ने राजेश सिंह कुशवाहा को उतारा है। रामसेवक सिंह 2010 के चुनाव में राजेश सिंह को पराजित कर चुके हैं।

By Bihar News NetworkEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 10:09 PM (IST) Updated:Tue, 03 Nov 2020 08:30 PM (IST)
Hathua Election News: हथुआ सीट पर जदयू और राजद में सीधा मुकाबला, लोजपा बना रही तीसरा कोण, 55.60 फीसद हुआ मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

जेएनएन, गोपालगंज। लोकसभा क्षेत्र गोपालगंज के अंतर्गत आने वाली हथुआ सीट पर 1952 में हुए पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के जनार्दन भगत विधायक बने थे। मंगलवार को यहां 55.60 फीसद मतदान हुआ। पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो जदयू के रामसेवक सिंह ने  हम के महाचंद्र प्रसाद को पराजित किया था। रामसेवक सिंह 2010 में भी जीते थे। तब उन्‍होंने राजेश सिंह कुशवाहा को शिकस्‍त दी थी। इस चुनाव में विधायक सह राज्‍य के समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह को जदयू ने फिर मैदान में उतारा है। उनके सामने फिर राजद के राजेश सिंह कुशवाहा मैदान में हैं। दोनों के बीच सीधा मुकाबला है। लोजपा के रामदर्शन प्रसाद उर्फ मुन्ना किन्नर तीसरा कोण बना रहे हैं। बंद कारखाने, सिंचाई, स्‍वास्‍थ्‍य यहां के प्रमुख मुद्दे हैं।

प्रमुख मुद्​दे

1. बंद फैक्ट्रियों को खोलने की जरूरत- हथुआ के सुदर्शन सिंह कहते हैं कि कभी इस क्षेत्र की उद्योग-धंधे को लेकर अलग पहचान थी। हथुआ चीनी मिल और डालडा फैक्ट्री खुलने से व्यवसायिक गतिविधियों को काफी बढ़ावा मिला। लेकिन, अब दोनों बंद हैं। फैक्ट्री बंद होने से अन्य छोटे उद्योग भी बंद हो गए।


2. जलजमाव व सिंचाई- पानी के बहाव के रास्ते का अतिक्रमण कर लिए जाने से समुचित जलनिकासी नहीं हो पाती इस कारण जलजमाव की समस्‍या किसान झेल रहे हैं। सिंचाई की व्यवस्था तथा खेतों जलजमाव की समस्या एक बड़ा मुद्दा बन गया है।
3. जर्जर सड़कें- इस क्षेत्र में जर्जर हो रहीं सड़कें भी बड़ा मुद्दा बन रही हैं। हालांकि, इस क्षेत्र के सभी गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए सड़कें बन गई थीं, लेकिन अब ग्रामीण सड़कों के साथ ही मुख्य सड़कों की दशा खराब होती जा रही हैं।


4. अस्पतालों में सुविधाओं की कमी- अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। इस विधानसभा क्षेत्र में अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, फुलवरिया तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। लेकिन, सभी अस्पतालों में चिकित्सकोंं की भारी कमी है।


5. पढ़ाई के लिए बाहर जाना मजबूरी- उच्च शिक्षा इस क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए समस्या बनी हुई है। ऐसा तब है जबकि इस क्षेत्र में दो डिग्री कॉलेज हैं। लेकिन, दोनों डिग्री कॉलेज मेंं सभी विषयों की पढ़ाई की सुविधा नहीं है।

15 प्रत्‍याशी आजमा रहे हैं किस्‍मत

हथुआ विधानसभा क्षेत्र में कुल 15 प्रत्‍याशी किस्‍मत आजमा रहे हैं। इसमें कई निर्दलीय भी हैं। ऐसे में वोटों का बिखराव होने से इन्‍कार नहीं किया जा सकता। क्षेत्र में कुल मतदाता तीन लाख तीन हजार 674 हैं। इनमें म‍हिला मतदाता 1 लाख 48 हजार 591 जबकि पुरुष मतदाता 1 लाख 55 हजार 83 हैं।

ये हैं उम्‍मीदवार

1 रामसेवक सिंह - जदयू

2 राजेश सिंह कुशवाहा - राजद

3 रामदर्शन प्रसाद उर्फ मुन्ना किन्नर - लोजपा

4 सबीब आलम-राकांपा

5 सुरेंद्र राम-बसपा

6 सुरेंद्र राम-भारतीय राष्‍ट्रीय दल

7 अभिनंदन पाठक-वंचित समाज पार्टी

8 काशीनाथ सिंह-जनता पार्टी

9 इंद्रजीत गुप्‍त राष्‍ट्रीय जनजागरण मोर्चा

10 मो मुस्‍तफा-बहुजन मुक्ति मोर्चा

11 सुरेंद्र गुप्‍ता-निर्दलीय

12 डॉ शशिभूषण राय-निर्दलीय

13 श्रीराम भगत-निर्दलीय

14 मकसूदन प्र सिंह-निर्दलीय

15 राजकुमार श्रीवास्‍तव-निर्दलीय

कौन जीते कौन हारे

2010 रामसेवक सिंह जदयू राजेश सिंह कुशवाहा राजद

2015 रामसेवक सिंह जदयू महाचंद्र प्रसाद सिंह हम

chat bot
आपका साथी