Bihar Flood: गंगा में उफान से पटना में बाढ़ का खतरा, कई गांवों में घुसने लगा है नदियों का पानी

Bihar Flood News बक्‍सर से पटना तक गंगा का जलस्‍तर तेजी से बढ़ रहा है। अब पटना से सटे कई इलाकों में गंगा का पानी खेतों में फैलने लगा है। गंगा किनारे के गांवों में जलस्‍तर में वृद्धि की तेज रफ्तार ने चिंता बढ़ा दी है।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 10:31 AM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 10:31 AM (IST)
Bihar Flood: गंगा में उफान से पटना में बाढ़ का खतरा, कई गांवों में घुसने लगा है नदियों का पानी
पटना जिले के दानापुर और खुसरूपुर के गांवों में घुसा बाढ़ का पानी। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, जागरण टीम। Bihar Flood News: उत्‍तर बिहार में बाढ़ से थोड़ी राहत मिली तो अब दक्षिण बिहार की नदियां उफनाने लगी हैं। गंगा और सोन सहित दक्षिण बिहार से गुजरने वाली तमाम छोटी-बड़ी नदियों में आजकल जलस्‍तर तेजी से बढ़ रहा है। झारखंड से आने वाली छोटी नदियों में खूब पानी आ रहा है। बक्‍सर से पटना तक गंगा का जलस्‍तर तेजी से बढ़ रहा है। अब पटना से सटे कई इलाकों में गंगा का पानी खेतों में फैलने लगा है। गंगा किनारे के गांवों में जलस्‍तर में वृद्धि की तेज रफ्तार ने चिंता बढ़ा दी है। दानापुर दियारा के पुरानी पानापुर के निचले इलाके में बाढ़ का पानी घुसने लगा है।

खुसरूपुर के टाल में आया धोबा नदी का पानी

पटना जिले के खुसरूपुर के टाल क्षेत्र में धोबा नदी का पानी आने से सैंकड़ों एकड़ खेतों में लगी धान, मकई, भिंडी और प्याज की फसल बर्बाद होने लगी है। इससे किसानों को भारी क्षति पहुंची है। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी नदियों के जलस्‍तर और तटबंधों की सुरक्षा पर निगाह बनाए रहने की हिदायत अधिकारियों को दी है।

बक्‍सर में 10 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही गंगा

केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक बक्‍सर में गंगा का जलस्‍तर सोमवार की शाम को 57.21 मीटर तक पहुंच गया था। तब 11 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्‍तर बढ़ रहा था। जिले में गंगा खतरे के निशान से अब करीब डेढ़ मीटर दूर रह गई है। भोजपुर जिले के गांवों में भी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

वाराणसी से इलाहाबाद तक बढ़ रहा गंगा का जलस्‍तर

वाराणसी और इलाहाबाद में भी गंगा का जलस्‍तर तेजी से बढ़ रहा है। दरअसल गंगा में तेजी का रूख उत्‍तराखंड के पहाड़ों से ही है। अगर रफ्तार ऐसी ही रही तो बक्‍सर में आज शाम तक जलस्‍तर चेतावनी बिंदु से महज आधा मीटर के फासले पर होगा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नावों के परिचालन पर अंकुश लगाना शुरू कर दिया है।

chat bot
आपका साथी