पटना के विकास को पांच साल में खर्च होंगे एक हजार करोड़, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने दी जानकारी
अगले पांच वर्षों में पटना शहरी क्षेत्र के विकास पर एक हजार करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने बताया कि पटना नगर निगम को छठे वित्त आयोग की अनुशंसा के आलोक में एक हजार करोड़ की राशि कर्णांकित की जा रही है।
पटना, जागरण टीम। अगले पांच वर्षों में पटना शहरी क्षेत्र के विकास पर एक हजार करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि पटना नगर निगम को छठे वित्त आयोग की अनुशंसा के आलोक में एक हजार करोड़ की राशि कर्णांकित की जा रही है। बारिश में पटना में जलजमाव नहीं हो, इसके लिए उप मुख्यमंत्री काफी गंभीर हैं। वे कई दफे इस बाबत अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं और शहर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण भी किया है। गुरुवार की सुबह भी उन्होंने पटना की जलनिकासी की तैयारियों का निरीक्षण क्षेत्रीय विधायकों और अफसरों के साथ किया था।
नंदगांव और चाईंटोला के लोगों की समस्या भी सुनी
उप मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पहाड़ी संप हाउस पहुंचकर ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद सैदपुर संप हाउस, बाकरगंज नाला और कुर्जी संप हाउस का मुआयना किया। इस दौरान नंदगांव और चाईंटोला के लोगों ने उपमुख्यमंत्री से कटाव को तत्काल रोकने और सड़क का निर्माण कराने की मांग की। वार्ड पार्षद इंद्रदीप चंद्रवंशी ने ज्ञापन भी दिया। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सैदपुर नहर के कटाव को रोकने और उसे सुरक्षित बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संप हाउसों की क्षमता पूर्व वर्ष की अपेक्षा बढ़ाई गई है। यही कारण रहा कि यास चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश के बावजूद शहर से काफी कम समय में जलनिकासी हो गई।
पानी के बहाव में न आए रुकावट
तारकिशोर प्रसाद ने निर्देश देते हुए कहा कि बुडको और नगर निगम के अभियंता इस बात का विशेष ध्यान रखें कि संप हाउस तक आने वाले पानी के बहाव में कहीं रुकावट न हो। अफसर सभी पंपिंग स्टेशन पर मोटर, जनरेटर, डीजल सहित अन्य सुविधा एवं उपकरणों की समुचित मॉनीटङ्क्षरग भी सुनिश्चित करें। हमारा प्रयास है कि इस साल पटना महानगर क्षेत्र के लोगों को जलजमाव की समस्या से कठिनाई नहीं हो।
बादशाही नाले का हो पक्कीकरण : नितिन नवीन
निरीक्षण के दौरान मौजूद पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने स्मार्ट सिटी परियोजना से बादशाही नाले के पक्कीकरण और बाकरगंज नाले को ढकने की मांग उपमुख्यमंत्री से की। उन्होंने कहा कि बादशाही नाले के पक्कीकरण से दक्षिणी पटना क्षेत्र की जनता को जलजमाव की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। मंत्री ने कहा कि बुडको, पटना नगर निगम, पथ निर्माण विभाग ने समन्वय के साथ काम करते हुए खोदी गई सड़कों को दुरुस्त कर दिया है। जो थोड़ा काम बचा है, वह भी जल्द हो जाएगा।
न्यू बाईपास के इलाके में अतिरिक्त पंपिंग सेट
बुडको के प्रबंध निदेशक रमण कुमार ने दावा किया कि मानसून के दौरान जल निकासी के लिए जरूरी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि न्यू बाईपास के दशरथा, सिपारा के इलाके में जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अतिरिक्त पंपिंग सेट की व्यवस्था की गई है।