सारण में डकैती के दौरान महिला की हत्‍या की खबर पर पहुंची पुलिस, मामला खुला तो पति ही गिरफ्तार

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई। इधर सुबह होते ही महिला की मां ने थाने में पहुंच कर अलग ही दावा किया है जिससे पूरा मामला उलझ गया है।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 09:03 AM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 09:48 AM (IST)
सारण में डकैती के दौरान महिला की हत्‍या की खबर पर पहुंची पुलिस, मामला खुला तो पति ही गिरफ्तार
सारण में डकैती के दौरान महिला की हत्‍या। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

दाउदपुर (सारण), संवाद सूत्र। Bihar Crime: सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरवा खुर्द (लाहमारी) गांव में शनिवार की रात में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला के पति का दावा है कि डकैती के दौरान बदमाशों ने उनकी पत्‍नी को गोली मार दी और उनके घर से 25 हज़ार नगद भी लूट लिये। इसके बाद बदमाश फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई। इधर, सुबह होते ही मामले में दिलचस्‍प मोड़ आ गया है। महिला की मां ने पुलिस थाने में पहुंच कर अलग ही दावा किया है, जिससे पूरा मामला उलझ गया है। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

छह से अधिक बदमाशों ने बोला हमला

बरवा खुर्द (लाहमारी) गांव में मुर्तजा अंसारी का कहना है कि उनके घर में शनिवार की देर रात हथियार से लैस छह से अधिक बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों के पिस्‍टल दिखाने और धमकाने के बाद उन्होंने ₹25 हजार उन्‍हें दे दिए।

विरोध करने पर महिला को मार दी गोली

मुर्तजा का कहना है कि इसी बीच उनकी पत्नी 25 वर्षीय रेशमा ने बदमाशों पर हाथ चला दिया। इससे गुस्‍साए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी गोली। गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मुर्तजा अंसारी का कहना है कि व पांच भाइयों में सभी अलग-अलग रहते हैं। वे दालान में अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। वहीं पर बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना को लेकर गांव में काफी दहशत है।

महिला की मां ने दामाद पर लगाया हत्‍या का आरोप

इस मामले में नया मोड़ आ गया है। मृत महिला की मां जमीना बेगम ने थाने में पहुंचकर अपने दामाद पर ही बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि वह भी थाने में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पहुंचा था। थानाध्यक्ष का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है शीघ्र ही घटना की सच्चाई सामने आ जाएगी।

chat bot
आपका साथी