बेटी से खुद कर ली शादी, बिहार के अरवल में शख्स ने अपनी हरकत से किया शर्मसार; अनैतिक रिश्ते का हुआ ये अंजाम
Marriage With Daughter पत्नी के मरने के बाद मकेश्वर ने अपनी ही बेटी से जबरन शादी कर लिया था। शादी के बाद बेटी उसने बीवी बनाकर रखा। कुछ दिनों से लड़की उसके पास रहने से इंकार कर अरवल में किराये के मकान में रह रही थी।
अरवल, जागरण संवाददाता। बिहार के अरवल जिले से बेहद हैरान करने वाली खबर है। यहां एक शख्स ने अपनी ही बेटी से शादी कर ली और काफी दिनों से उसे पत्नी बनाकर अपने साथ रखे हुए था। इस बीच लड़की इस हैवान किस्म के शख्स के साथ रहने से इनकार कर रही थी और किराए का कमरा लेकर अलग रहने लगी थी। रविवार को वह अपना कुछ सामान लेने आए पति बन चुके पिता के घर आई तो उसने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि इस शख्स ने पत्नी की मौत के बाद अपनी बेटी को ही जबर्दस्ती पत्नी बना लिया था।
गोली मारकर की हत्या
नगर थाना क्षेत्र की भदासी पंचायत के जलपुरा गांव निवासी मकेश्वर राम ने पारिवारिक विवाद में अपनी पुत्री की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि गोली लगने के कुछ देर तक रानी देवी घायल अवस्था में पड़ी रही, फिर घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पिता गोली मारने के उपरांत साइकिल पर सवार होकर हथियार के साथ भागने लगा। ग्रामीणों ने उसका पीछा कर बख्तारी गांव के सीमा पर अलावलचक के ग्रामीणों के सहयेाग से पकड़ लिया। इसके बाद जमकर पिटाई की और रामपुर चौरम थाने की पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घटना स्थल से एक 315 बोर का खोखा बरामद किया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। स्थानीय विधायक महानंद सिंह ने सदर थानाध्यक्ष शंभू पासवान से घटना के बारे में जानकारी ली।
साथ रहने से इंकार कर रही थी बेटी
मिली जानकारी के अनुसार पत्नी के मरने के बाद मकेश्वर राम ने अपनी ही बेटी से जबरन शादी कर लिया था। शादी के बाद बेटी उसने बीवी बनाकर रखा। कुछ दिनों से लड़की उसके पास रहने से इंकार कर अरवल में किराये के मकान में रह रही थी। रविवार को कुछ सामान लेने आई थी। सामान लेकर जाने लगी तो पिता को नागवार गुजरी। नतीजतन पिता ने गोली मारकर हत्या कर दी।
आरोपित पुलिस की गिरफ्त में
रानी देवी की बेटी ने बताया कि उसकी मां किराये के मकान में रह रही थी। रविवार को वह कपड़ा और सामान लेने के लिए घर आई थी। कपड़ा लेकर जा ही रही थी कि उसके पिता ने उसकी मां को गोली मार दी। एसपी राजीव रंजन ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।